ओवैसी बोले- ‘सिंधु जल संधि रोक सकते हैं तो ICC कॉन्ट्रैक्ट कैसी मजबूरी?’
महिला एशिया कप के फाइनल मुकाबले के बाद एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) के अध्यक्ष और पाकिस्तान के गृह मंत्री मोहसिन नकवी से भारतीय महिला क्रिकेट टीम द्वारा ट्रॉफी लेने से इनकार करने का मामला अब राजनीतिक रंग ले चुका है। इस घटनाक्रम पर ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी का बयान सामने आया है। ओवैसी ने केंद्र सरकार और भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) पर दोहरा रवैया अपनाने का आरोप लगाते हुए आतंकवाद, सिंधु जल संधि और पहलगाम हमले का मुद्दा उठाया है।
न्यूज एजेंसी एएनआई (ANI) से बातचीत में असदुद्दीन ओवैसी ने पाकिस्तान के साथ क्रिकेट संबंधों को लेकर सरकार की नीति पर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा, “आप उनके साथ क्यों खेल रहे हैं? जब सिंधु जल संधि को रोक दिया गया है, तो आईसीसी का कॉन्ट्रैक्ट कैसे एक मजबूरी हो सकता है?”
‘सरकार BCCI को पैसे कमाने दे रही है’
ओवैसी ने बीसीसीआई पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि सरकार क्रिकेट बोर्ड को टीवी राइट्स से भारी मुनाफा कमाने की छूट दे रही है, जबकि राष्ट्रीय सुरक्षा और पीड़ितों की भावनाओं को नजरअंदाज किया जा रहा है।
उन्होंने पूछा कि सरकार को उन परिवारों के प्रति हमदर्दी क्यों नहीं है, जिनके सदस्यों को पहलगाम में आतंकवादियों ने बेरहमी से मार डाला था। सांसद ने कहा कि भारत को उस देश के साथ किसी भी स्तर पर खेल में शामिल नहीं होना चाहिए जो लगातार सीमा पार से आतंकवाद को बढ़ावा दे रहा है। उन्होंने हाल ही में लाल किले पर हुए सुसाइड ब्लास्ट का जिक्र करते हुए दावा किया कि वह हमला भी सीधे तौर पर पाकिस्तान द्वारा ही प्रायोजित था।
फाइनल में क्या हुआ था विवाद?
महिला एशिया कप के खिताबी मुकाबले में भारतीय महिला टीम ने श्रीलंका को 72 रनों से हराकर टूर्नामेंट अपने नाम किया था। मैच के बाद आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह (Trophy Presentation) के दौरान उस वक्त विवाद खड़ा हो गया, जब मंच पर मौजूद एसीसी अध्यक्ष मोहसिन नकवी के हाथों से भारतीय महिला खिलाड़ियों ने ट्रॉफी स्वीकार करने से साफ मना कर दिया।
कौन हैं मोहसिन नकवी?
ट्रॉफी विवाद के केंद्र में आए मोहसिन नकवी की पहचान सिर्फ एक क्रिकेट प्रशासक तक सीमित नहीं है। वह पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के चेयरमैन और एशियन क्रिकेट काउंसिल के अध्यक्ष होने के साथ-साथ वर्तमान में पाकिस्तान की शहबाज शरीफ सरकार में देश के गृह मंत्री भी हैं। नकवी को पाकिस्तानी सेना प्रमुख जनरल आसिम मुनीर का बेहद करीबी माना जाता है। ऐसे में भारतीय टीम का उनसे दूरी बनाना सीधे तौर पर कूटनीतिक और राजनीतिक संदेश से जोड़कर देखा जा रहा है।
