AI की रफ्तार पर छिड़ी वैश्विक बहस, डारियो अमोदेई की चेतावनी पर क्या बोले ट्रंप और मस्क?
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के विकास की मौजूदा रफ्तार को लेकर दुनियाभर के नेताओं और टेक दिग्गजों के बीच एक नई बहस शुरू हो गई है। सवाल उठ रहा है कि क्या AI की गति को धीमा किया जाना चाहिए या इसे इसी तरह आगे बढ़ने देना चाहिए। इस बहस की शुरुआत एंथ्रोपिक के CEO डारियो अमोदेई के हाल ही में प्रकाशित एक लेख से हुई है, जिसमें उन्होंने चेतावनी दी है कि AI का इतनी तेजी से बढ़ना इंसानों के लिए बड़ा खतरा साबित हो सकता है।
अमोदेई की चिंता: ‘रिकरसिव सेल्फ इम्प्रूवमेंट’ से खतरा
डारियो अमोदेई के अनुसार, AI जिस गति से आगे बढ़ रहा है, वह बहुत जल्द दूसरी पीढ़ी की तकनीक खुद बना लेगा। इस पूरी तकनीकी प्रक्रिया को ‘रिकरसिव सेल्फ इम्प्रूवमेंट’ कहा जाता है। अमोदेई का मानना है कि यह स्थिति खतरनाक हो सकती है, इसलिए इसके विकास की गति को नियंत्रित करने की जरूरत है। उनकी इस टिप्पणी के बाद अमेरिका के राजनीतिक गलियारों से लेकर सिलिकॉन वैली तक प्रतिक्रियाओं का दौर शुरू हो गया है।
डोनाल्ड ट्रंप का रुख: भू-राजनीतिक सर्वोच्चता पहली प्राथमिकता
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और कई अन्य अमेरिकी सांसदों ने AI की गति को धीमा करने के विचार को खारिज कर दिया है। ट्रंप का स्पष्ट कहना है कि एआई के क्षेत्र में अमेरिका के प्रतिद्वंद्वी, खासकर चीन, रुकने वाले नहीं हैं, इसलिए अमेरिका को भी पीछे नहीं हटना चाहिए।
ट्रंप ने सुरक्षा उपायों और घरेलू विनियमन की जरूरत को स्वीकार किया, लेकिन साथ ही सिलिकॉन वैली की कंपनियों को शक्तिशाली AI मॉडल बनाने में मदद का आश्वासन भी दिया। उन्होंने इसके लिए कड़े सरकारी नियमों में कटौती करने की बात कही है। ट्रंप प्रशासन का जोर AI की गति कम करने के बजाय अमेरिका की आर्थिक और भू-राजनीतिक सर्वोच्चता बनाए रखने पर है।
ऑल्टमैन और मस्क ने किया अमोदेई का समर्थन
धीमी गति की मांग के मुद्दे पर डारियो अमोदेई को कई बड़े टेक दिग्गजों का साथ मिला है। ओपनएआई के सैम ऑल्टमैन और गूगल डीपमाइंड के डेमिस हसाबिस ने AI की रफ्तार धीमी करने की जरूरत पर सहमति जताई है। वहीं, दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति और X व स्पेस-एक्स के मालिक एलन मस्क ने भी इसका समर्थन किया है। मस्क ने महज तीन शब्दों—”पेस दि फ्रन्टिअर” (Pace the frontier)—लिखकर इस विचार पर अपनी सहमति दर्ज कराई।
आलोचकों का तर्क: स्वार्थ और ‘कालाबाज़ारी’ जैसी रणनीति
दूसरी तरफ, इस मांग का कड़ा विरोध भी हो रहा है। पेपल के पूर्व चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर डेविड सैक्स ने AI को धीमा करने की मांग को पूरी तरह गैर-वाजिब बताया है। उनके मुताबिक, इस मांग के पीछे कई लोगों के अपने छिपे हुए स्वार्थ हैं।
अन्य आलोचकों और टेक नेताओं का तर्क है कि अगर एआई कंपनियां सच में विकास की गति को धीमा करना चाहती हैं, तो वे खुद ऐसा कर सकती हैं। इसके लिए सरकार से नियम बनाने की मांग करना, बाजार पर नियंत्रण हासिल करने या ‘कालाबाज़ारी’ जैसी रणनीति का हिस्सा लगता है।
