September 16, 2026

नोएडा के पंडित को जौनपुर में बनाया बंधक, पूजा से मनोकामना पूरी न होने पर मांगी फिरौती

crime-1

विशेष पूजा-पाठ से जब मनचाहा फल नहीं मिला, तो यजमानों ने एक खौफनाक कदम उठा लिया। उत्तर प्रदेश के जौनपुर में दो युवकों ने नोएडा से बुलाए गए एक पंडित को बंधक बना लिया और उनके परिवार से एक लाख रुपये की फिरौती मांग ली। परिजनों की शिकायत के बाद नोएडा पुलिस ने एक्शन लेते हुए जौनपुर में दबिश दी और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर पंडित को सकुशल बरामद कर लिया है।

5 सितंबर को अनुष्ठान के लिए जौनपुर गए थे पंडित

पुलिस के मुताबिक, नोएडा के सेक्टर-73 स्थित सर्फाबाद में रहने वाले अनिल कुमार तिवारी धार्मिक अनुष्ठान कराकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। बीते 5 सितंबर 2026 को वह एक पूजा कराने के लिए जौनपुर गए थे। आरोप है कि वहां पहुंचने पर यजमानों ने उन्हें बंधक बना लिया। इसके कुछ समय बाद आरोपियों ने अनिल तिवारी के बेटे को फोन किया और पिता को छोड़ने के एवज में पैसों की डिमांड करने लगे।

सर्विलांस की मदद से मुकिया मार्केट तक पहुंची पुलिस

जब कई दिनों तक अनिल तिवारी घर नहीं लौटे और पैसों के लिए लगातार दबाव बनाया जाने लगा, तो परिजनों ने नोएडा के सेक्टर 113 थाने में मामले की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी। इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और मुखबिरों से मिली सटीक सूचना के आधार पर पुलिस की एक टीम जौनपुर पहुंची। 11 और 12 सितंबर के बीच पुलिस ने जौनपुर के मुकिया मार्केट के पास घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को दबोच लिया।

‘पूजा में खर्च हुए पैसे वसूलने के लिए रची साजिश’

गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान आशीष यादव उर्फ बाबा और प्रवेश यादव उर्फ गोरे के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि उन्होंने कुछ समय पहले पंडित अनिल तिवारी से एक धार्मिक अनुष्ठान करवाया था। उनका दावा है कि इस पूजा के बाद भी उनकी मनोकामना पूरी नहीं हुई। इसी बात से नाराज होकर उन्होंने पूजा में खर्च हुए रुपयों की वसूली के लिए साजिश रची और अनुष्ठान के बहाने पंडित को दोबारा जौनपुर बुलाकर बंधक बना लिया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पंडित अनिल तिवारी को सुरक्षित छुड़ा लिया है। तलाशी के दौरान पकड़े गए बदमाशों के पास से एक .315 बोर का तमंचा, दो जिंदा कारतूस और एक चाकू बरामद किया गया है।