संजय निषाद पर अखिलेश का तीखा हमला, बोले- BJP में मिलता है दिखावे का पद
उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में विनोद साहनी की हत्या के मामले ने तूल पकड़ लिया है। समाजवादी पार्टी (SP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने इस घटना को लेकर निषाद पार्टी के अध्यक्ष और योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री संजय निषाद पर सीधा राजनीतिक निशाना साधा है। अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ के जरिए भाजपा सरकार और उसके सहयोगी दलों पर करारा प्रहार किया है।
‘सत्ता के साथ रहने पर पद मिल सकता है, सम्मान नहीं’
अखिलेश यादव ने बिना नाम लिए मंत्री संजय निषाद और निषाद समाज को सियासी संदेश देते हुए लिखा कि भारतीय जनता पार्टी के साथ रहने पर सत्ता का पद तो मिल सकता है, लेकिन आत्मसम्मान नहीं मिल सकता। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा का राज सत्ता सजातीयों के ‘दंभ, घमंड और अहंकार’ का एक आपराधिक त्रिगुट बन चुका है।
सपा प्रमुख ने आगे कहा कि जो लोग यह सोचते हैं कि सत्ता में साझीदार बनकर उनकी इज्जत और रुतबा बढ़ रहा है, वे अब यह समझ चुके हैं कि भाजपा सरकार में सिर्फ दिखावे के पद बांटे जाते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपाई वर्चस्ववादी अपने प्रभुत्व को बनाए रखने के लिए किसी की भी हत्या करने से पीछे नहीं हटते और लोगों को जमीन पर बैठने के लिए मजबूर करते हैं।
‘बढ़ रही है पीड़ा, इसलिए बढ़ रही है PDA की एकता’
कानून व्यवस्था और सामाजिक न्याय के मुद्दे पर सरकार को घेरते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि जनता की पीड़ा लगातार बढ़ रही है और इसी का परिणाम है कि आज ‘पीडीए’ (PDA – पिछड़ा, दलित, अल्संख्यक) की एकता मजबूत हो रही है। गोंडा के इस चर्चित हत्याकांड के बाद राजनीतिक दलों के बीच बयानबाजी तेज हो गई है, और विपक्ष इस मुद्दे के जरिए सत्ता पक्ष को लगातार घेरने की कोशिश कर रहा है।
