‘लेडी सिंघम’ से भगोड़ा तक, सस्पेंड DSP नेहा पच्चीसिया की संपत्ति कुर्क होगी?
मध्य प्रदेश के कटनी जिले में कभी अपनी सख्त छवि के लिए ‘लेडी सिंघम’ के नाम से मशहूर रहीं निलंबित सीएसपी (CSP) और डीएसपी (DSP) नेहा पच्चीसिया की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। हत्या के एक मामले में आरोपी को बचाने के एवज में करोड़ों रुपये की जमीन कौड़ियों के भाव बिकवाने के आरोप में घिरीं नेहा पच्चीसिया फिलहाल फरार चल रही हैं। पुलिस ने उनकी गिरफ्तारी पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा है। अब पीड़ित पक्ष ने कटनी कोर्ट में आवेदन देकर उन्हें भगोड़ा घोषित करने और उनकी चल-अचल संपत्ति कुर्क करने की मांग की है।
करोड़ों की जमीन का सौदा और हत्या के आरोपी को बचाने का आरोप
नेहा पच्चीसिया पर कटनी जिले के कुठला थाना इलाके में दर्ज एक हत्या के मामले में पद का दुरुपयोग करने का गंभीर आरोप है। पुलिस महकमे के मुताबिक, उन्होंने हत्या के एक आरोपी को कानूनी कार्रवाई से बचाने का सौदा किया। आरोप है कि इस बचाव के बदले में उन्होंने करोड़ों रुपये की बेशकीमती जमीन बेहद सस्ते दाम पर बिकवा दी। इस मामले का खुलासा होने के बाद पुलिस विभाग ने उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया था।
अग्रिम जमानत खारिज होने के बाद से पुलिस की गिरफ्त से बाहर
मामला दर्ज होने के बाद नेहा पच्चीसिया ने गिरफ्तारी से बचने के लिए कोर्ट का रुख किया था। 29 अगस्त 2026 को अदालत ने उनकी अग्रिम जमानत याचिका को खारिज कर दिया। जमानत अर्जी नामंजूर होने के दिन से ही वह फरार हो गईं। स्थानीय पुलिस की कई टीमें उनकी तलाश में जुटी हुई हैं, लेकिन अब तक उनका कोई सुराग नहीं मिल सका है।
पीड़ित ने कोर्ट में लगाई संपत्ति कुर्की की गुहार
पुलिस की पकड़ से दूर चल रहीं नेहा के खिलाफ अब कानूनी शिकंजा कसने की तैयारी हो रही है। इस मामले के फरियादी आकाश लोधी ने कटनी कोर्ट में एक नया आवेदन पेश किया है। इस अर्जी में अदालत से मांग की गई है कि आरोपी नेहा पच्चीसिया और उनके सहयोगियों को तत्काल भगोड़ा घोषित किया जाए और उनकी सभी चल-अचल संपत्तियों को कुर्क करने की कार्रवाई शुरू की जाए।
एयर होस्टेस से ‘लेडी सिंघम’ बनने तक का सफर
मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले की पचोर तहसील की रहने वाली नेहा पच्चीसिया का पुलिस सेवा तक पहुंचने का सफर काफी अलग रहा है। एक शिक्षक पिता और गृहिणी मां की चार बेटियों में सबसे बड़ी नेहा शुरुआत में एयर होस्टेस के तौर पर काम करती थीं। इसके बाद उन्होंने प्रशासनिक सेवाओं की तैयारी की और साल 2016 की MPPSC परीक्षा में 20वीं रैंक हासिल कर डीएसपी का पद पाया। पुलिस विभाग में आने के बाद लोगों ने उन्हें उनकी कार्यशैली के कारण ‘लेडी सिंघम’ का नाम दिया था।
विवादों से रहा है पुराना नाता
नेहा पच्चीसिया का अपने प्रोफेशनल और निजी जीवन में विवादों से पुराना नाता रहा है। पति के साथ विवाद और तलाक के अलावा विभागीय स्तर पर भी वह कई बार चर्चा में आईं। फरवरी 2021 में गुना जिले से ट्रांसफर किए जाने पर उन्होंने तत्कालीन ग्वालियर रेंज के आईजी (IG) अविनाश शर्मा पर सीधे आरोप लगाए थे। उन्होंने अपने फेसबुक पेज पर लिखा था- ‘IG अविनाश शर्मा इज अवर कल्प्रिट’। बाद में विवाद बढ़ने पर उन्होंने अपनी यह पोस्ट डिलीट कर दी थी।
