PM मोदी के 25 साल पर BJP का ‘सेवा संकल्प अभियान’, बनारस से वडनगर तक कलश यात्रा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संवैधानिक पद पर जनसेवा और शासन के 25 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी बड़े स्तर पर कार्यक्रम आयोजित करने जा रही है। 7 अक्टूबर को ‘हेड ऑफ द गवर्नमेंट’ के रूप में प्रधानमंत्री के 25 वर्ष पूरे होने के मौके पर पार्टी 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक एक महीने का राष्ट्रव्यापी ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाएगी। इस दौरान बनारस से वडनगर तक विशेष कलश यात्रा निकाली जाएगी।
नई दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने इन कार्यक्रमों की रूपरेखा साझा की। उन्होंने कहा कि 17 सितंबर को प्रधानमंत्री के जन्मदिन के अवसर पर पार्टी हर साल सेवा दिवस और सेवा पखवाड़ा मनाती है, जिसे इस बार 25 साल की सेवा यात्रा से जोड़कर व्यापक विस्तार दिया जा रहा है।
25 वर्षों के विकास कार्यों पर केंद्रित अभियान
भाजपा अध्यक्ष के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के कार्यकाल में नीतिगत फैसलों और योजनाओं ने देश में बड़ा बदलाव किया है। उन्होंने बताया कि इस अवधि में 25 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से बाहर निकाला गया, 80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन की सुविधा दी गई और 100 करोड़ से अधिक नागरिकों को सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जोड़ा गया। इसके अतिरिक्त 12 करोड़ शौचालय, कोविड की मुफ्त वैक्सीन और 4 करोड़ से अधिक गरीबों के लिए पक्के आवास जैसी उपलब्धियां हासिल की गईं।
नितिन नवीन ने कहा कि जब पीएम मोदी ने देश की कमान संभाली थी, तब अर्थव्यवस्था ‘पॉलिसी पैरालिसिस’ और ‘फ्रेजाइल फाइव’ की स्थिति में थी, जबकि आज भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था के रूप में उभर रहा है।
रक्तदान शिविर और स्कूलों में प्रतियोगिताएं
अभियान की शुरुआत 17 सितंबर को देशव्यापी रक्तदान शिविरों के साथ होगी। इसके अलावा 17 सितंबर से 7 अक्टूबर के बीच सभी स्कूलों में चित्रकारी, ड्राइंग और भाषण प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इन प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को मुख्यमंत्रियों और केंद्रीय मंत्रियों के स्तर पर प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।
7 अक्टूबर को जिलों में सेवा ज्योतिकलश यात्रा
अभियान के मुख्य पड़ाव यानी 7 अक्टूबर को, जब प्रधानमंत्री के शासन के 25 वर्ष पूरे होंगे, देशभर के सभी जिलों में ‘सेवा ज्योतिकलश यात्रा’ निकाली जाएगी। भाजपा अध्यक्ष ने बताया कि इन कार्यक्रमों के जरिए प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के समर्पण के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की जाएगी और साथ ही ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प को दोहराया जाएगा।
