September 15, 2026

Global Fintech Fest : PM ने गिनाई भारत की आर्थिक और डिजिटल ताकत

pm-modi-speech

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को मुंबई में आयोजित ‘ग्लोबल फिनटेक फेस्ट 2026’ को संबोधित करते हुए देश की आर्थिक प्रगति और तकनीकी विकास पर खुलकर बात की। उन्होंने कहा कि आज पूरी दुनिया अनिश्चितता और संघर्ष के दौर से गुजर रही है, ऊर्जा संकट और तेल को लेकर तनाव जैसी स्थितियां बनी हुई हैं, इसके बावजूद भारत 7.8 प्रतिशत की विकास दर के साथ तेजी से आगे बढ़ रहा है।

‘आपका बैंक आपके फिंगर पॉइंट पर’ का सपना हुआ सच

फिनटेक सेक्टर की बात करते हुए प्रधानमंत्री ने यूपीआई (UPI) की सफलता का विशेष रूप से जिक्र किया। उन्होंने कहा कि हाल ही में 25 अगस्त को यूपीआई ने अपने सफल 10 साल पूरे किए हैं। उन्होंने याद दिलाया कि जब शुरुआत में यह कहा जाता था कि ‘आपका बैंक आपके फिंगर पॉइंट पर होगा’, तो उस समय कुछ लोगों को यह असंभव लगता था। आज यह तकनीक न केवल भारत में बल्कि दुनिया के 11 देशों में अपनी सेवाएं दे रही है।

पॉलिसी और गवर्नेंस के 25 वर्ष पूरे

अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने कहा कि उन्हें नीति और शासन से जुड़े कार्यों में 25 वर्ष पूरे हो चुके हैं, लेकिन वह किसी एक पड़ाव पर पहुंचकर जश्न मनाने वाले व्यक्ति नहीं हैं। इस दौरान उन्होंने दोहरी ‘हट्रिक’ का जिक्र किया—एक हट्रिक साल 2024 में तीसरी बार केंद्र में सरकार बनने से जुड़ी है, और दूसरी हट्रिक ग्लोबल फिनटेक फेस्ट में लगातार तीसरी बार उनके शामिल होने से बनी है।

विकसित भारत के लक्ष्यों पर जोर

युवाओं और फिनटेक सेक्टर की तारीफ करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि हर बार इस आयोजन में आने पर उन्हें पहले से अधिक ऊर्जा और युवाओं की बड़ी भागीदारी देखने को मिलती है। इससे यह साफ जाहिर होता है कि देश में जोखिम उठाने की क्षमता और बड़े सपने देखने का दायरा तेजी से बढ़ रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि फिनटेक सेक्टर से जुड़े लोगों का यह योगदान ‘विकसित भारत’ के संकल्प को पूरा करने में मील का पत्थर साबित होगा।