दिल्ली में शोर मचाने से रोका तो घर में घुसकर मणिपुर के रिटायर्ड म्यूजिक टीचर की हत्या, 7 गिरफ्तार
दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के किलोकरी इलाके में मामूली विवाद के बाद मणिपुर के एक रिटायर्ड म्यूजिक टीचर की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। सी. विक्रम सिंह रविवार रात अपने घर के नीचे शोर मचा रहे कुछ लड़कों को रोकने गए थे, जिसके बाद यह विवाद शुरू हुआ। सनलाइट कॉलोनी थाना पुलिस ने इस मामले में हत्या के आरोप में सात लोगों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक नाबालिग को हिरासत में लिया गया है।
कूड़ा फेंकने नीचे आए, और शुरू हुआ विवाद पुलिस के मुताबिक, यह घटना रविवार रात करीब 11:30 बजे की है। सी. विक्रम सिंह अपने तीसरे फ्लोर के फ्लैट से नीचे कूड़ा डालने आए थे। इसी दौरान नीचे खड़े कुछ लड़के जोर-जोर से शोर मचा रहे थे। विक्रम सिंह ने उन्हें ऐसा करने से मना किया, जिस पर लड़कों से उनकी बहस हो गई। विवाद बढ़ने पर विक्रम सिंह उन्हें छोड़कर वापस अपने घर की तरफ चले गए। आरोप है कि लड़के उनका पीछा करते हुए उनके फ्लैट तक पहुंच गए और उनके साथ मारपीट शुरू कर दी।
बेटे के बाहर आने पर भागे हमलावर मारपीट का शोर सुनकर जब विक्रम सिंह का बेटा बाहर आया, तो सभी हमलावर वहां से फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल विक्रम सिंह को उनका बेटा तुरंत नजदीकी अस्पताल लेकर गया, जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पुलिस नियंत्रण कक्ष (PCR) को दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
CCTV से हुई पहचान, ढाबा कर्मी हैं आरोपी पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और हमलावरों की पहचान कर उनकी धरपकड़ शुरू की। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस मामले में सात बालिग आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इनकी पहचान भरत कुमार (19), प्रमोद (26), रमजान खान (22), दीपांशु (21), मोहन विश्वकर्मा (32), विजय (36) और मन्नू (26) के रूप में हुई है। एक किशोर को भी पकड़ा गया है। ये सभी आरोपी किलोकरी गांव के आसपास सामान पहुंचाने (डिलीवरी) का काम करते हैं और अलग-अलग ढाबों पर कार्यरत हैं।
छात्र संगठन ने की कड़ी निंदा इस हत्याकांड पर ‘नॉर्थ ईस्ट स्टूडेंट्स सोसाइटी, दिल्ली यूनिवर्सिटी’ (NESSDU) ने कड़ा विरोध दर्ज कराया है। संगठन ने सोमवार को जारी अपने बयान में सी. विक्रम सिंह को एक ‘सम्मानित मणिपुरी संगीतकार’ बताया।
छात्र संगठन ने दावा किया है कि लोगों का एक समूह उनके घर के बाहर शराब पी रहा था और हंगामा कर रहा था। जब उन्होंने शोर कम करने का अनुरोध किया, तो उन पर जानलेवा हमला किया गया। NESSDU ने इसे ‘हिंसा का संवेदनहीन कृत्य’ करार देते हुए प्रशासन से इस मामले की तेज, निष्पक्ष और गहन जांच की मांग की है।
फिलहाल पुलिस पकड़े गए सभी आरोपियों से पूछताछ कर रही है और मामले की आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
