5 विधानसभा और 1 लोकसभा सीट पर उपचुनाव का ऐलान, 6 अक्टूबर को वोटिंग
भारत निर्वाचन आयोग (ECI) ने सोमवार को पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु और पुडुचेरी की पांच विधानसभा सीटों सहित असम की एक संसदीय सीट पर उपचुनाव की तारीखों की घोषणा कर दी है। इन सभी सीटों पर 6 अक्टूबर को वोट डाले जाएंगे, जबकि 9 अक्टूबर को मतगणना के बाद नतीजे जारी किए जाएंगे।
निर्वाचन आयोग के कार्यक्रम के अनुसार, पश्चिम बंगाल की नंदीग्राम और रेजीनगर, तमिलनाडु की मदुरंतकम और धारापुरम, पुडुचेरी की थट्टनचावडी विधानसभा सीट और असम की नगांव लोकसभा सीट पर एक साथ चुनाव संपन्न कराए जाएंगे।
बंगाल: नंदीग्राम और रेजीनगर में मुकाबला पश्चिम बंगाल की दो सीटों पर उपचुनाव होना है। नंदीग्राम विधानसभा सीट मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी के इस्तीफे के बाद खाली हुई थी। उन्होंने तृणमूल कांग्रेस (TMC) सुप्रीमो ममता बनर्जी को हराने के बाद भवानीपुर सीट अपने पास रखने का फैसला किया था।
वहीं, रेजीनगर सीट से आम जनता उन्नयन पार्टी (AJUP) के संस्थापक हुमायूं कबीर ने जीत हासिल की थी। कबीर रेजीनगर और नवदा दोनों सीटों से चुनाव जीते थे, जिसके बाद उन्होंने नवदा सीट अपने पास रखी और रेजीनगर सीट छोड़ दी।
तमिलनाडु और पुडुचेरी का गणित तमिलनाडु में मदुरंतकम और धारापुरम विधानसभा सीटों पर उपचुनाव होगा। मदुरंतकम सीट से ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (AIADMK) के टिकट पर जीते मरगथम कुमारवेल ने मई में विधायकी और पार्टी दोनों छोड़ दी थी। इसके बाद वह मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) में शामिल हो गए, जिससे यह सीट रिक्त हुई।
पुडुचेरी की थट्टनचावडी सीट मुख्यमंत्री एन. रंगासामी के इस्तीफे से खाली हुई है। रंगासामी ने थट्टनचावडी और मंगलम दोनों सीटों से चुनाव लड़ा था और जीत दर्ज की थी। बाद में उन्होंने मंगलम सीट बरकरार रखते हुए थट्टनचावडी सीट छोड़ दी थी।
असम: नगांव लोकसभा सीट पर उपचुनाव असम की नगांव संसदीय सीट कांग्रेस सांसद प्रद्युत बोरदोलोई के इस्तीफे के बाद खाली हुई थी। बोरदोलोई ने राज्य विधानसभा चुनाव से ठीक पहले कांग्रेस पार्टी और अपनी लोकसभा सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद वह भारतीय जनता पार्टी (BJP) में शामिल हो गए और दिसपुर विधानसभा सीट से चुनाव लड़कर विधायक बने। संसद की सदस्यता रिक्त होने के कारण अब इस सीट पर 6 अक्टूबर को मतदान कराया जाएगा।
