September 15, 2026

हापुड़ में क्रूरता: गर्भवती नवविवाहिता को जबरन खिलाई गर्भपात की दवा

crime-1

उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले के सिंभावली थाना क्षेत्र से एक बेहद संवेदनशील और चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक नवविवाहिता के साथ कथित तौर पर जबरन गर्भपात कराने और उसकी जान खतरे में डालने का प्रयास किया गया। पीड़िता ने अपने पति समेत ससुराल पक्ष के पांच लोगों पर गंभीर आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी है, जिसके आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

शादी के कुछ महीने बाद ही शुरू हुई प्रताड़ना अनूपपुर डिबाई गांव की रहने वाली शबनम उर्फ नूर की शादी 2 नवंबर 2025 को दौताई गांव निवासी असजद के साथ हुई थी। शादी के कुछ समय बाद जब शबनम गर्भवती हुई, तो उसने यह खुशखबरी अपने पति और ससुराल वालों को दी। पीड़िता का आरोप है कि पति ने बच्चा पैदा करने से साफ इनकार कर दिया और उसे मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित करना शुरू कर दिया।

अल्ट्रासाउंड के बाद दी गई गर्भपात की दवा पीड़िता के अनुसार, 1 जनवरी 2026 को उसके जेठ जुबेर अहमद, सास संजीदा और जेठानी नाहिद उसे एक सेंटर पर ले गए जहां उसका अल्ट्रासाउंड कराया गया। आरोप है कि इसके दो दिन बाद जेठ के कहने पर उसे कुछ संदिग्ध दवाएं खिला दी गईं। दवा खाने के कुछ ही घंटों बाद शबनम के पेट में असहनीय दर्द शुरू हो गया और भारी रक्तस्राव (ब्लडिंग) होने लगा। बाद में उसके पति ने खुद स्वीकार किया था कि उसे गर्भपात कराने के उद्देश्य से ही वह दवा दी गई थी।

मेरठ के अस्पताल में छोड़कर भागे परिजन अत्यधिक रक्तस्राव और दर्द के कारण 4 जनवरी की रात शबनम की हालत बेहद नाजुक हो गई। इसके बाद पति असजद उसे चुपचाप मेरठ के एक अस्पताल में भर्ती कराकर वहां से फरार हो गया। अस्पताल के डॉक्टरों द्वारा सूचना दिए जाने पर पीड़िता के पिता मौके पर पहुंचे और किसी तरह उसे अपने साथ मायके लेकर आए। मायके लौटने के बाद जब परिजनों ने विरोध किया, तो ससुराल पक्ष की ओर से उसे जान से मारने की धमकियां दी गईं।

पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक अरविंद चौधरी ने बताया कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर पति असजद, सास संजीदा, ससुर अरशद, जेठ जुबेर और जेठानी नाहिद के खिलाफ सुसंगत धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस अब इस बात की गहनता से जांच कर रही है कि पीड़िता को कौन सी और किस डॉक्टर की सलाह पर दवा दी गई थी। साक्ष्यों के आधार पर आगे की सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।