मछली खाने’ के आरोप पर भड़के अजय राय, योगी के खिलाफ कोर्ट पहुंचे
लखनऊ: उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय ने राज्य के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खिलाफ लखनऊ की सिविल कोर्ट में आपराधिक मानहानि का परिवाद दाखिल किया है। यह कानूनी कदम मुख्यमंत्री द्वारा अयोध्या में आयोजित एक निषाद सम्मेलन के दौरान अजय राय के ‘मछली खाने’ को लेकर की गई कथित टिप्पणी के विरोध में उठाया गया है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष का आरोप है कि बिना किसी ठोस आधार के उनके खिलाफ यह सार्वजनिक टिप्पणी की गई, जिससे उन्हें मानसिक परेशानी हुई और समाज में उनकी छवि को नुकसान पहुंचा।
क्या है अयोध्या के ‘मछली भोज’ का विवाद
पार्टी की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, अजय राय 23 अगस्त 2026 को अयोध्या दौरे पर गए थे, जहां उन्होंने राम जन्मभूमि और हनुमानगढ़ी में दर्शन-पूजन किया। उसी दिन स्थानीय नेता राम निहाल निषाद द्वारा आयोजित निषाद सम्मेलन में एक मछली भोज का आयोजन रखा गया था।
कांग्रेस का कहना है कि अजय राय उस कार्यक्रम में मौजूद जरूर थे, लेकिन उन्होंने वहां भोजन नहीं किया। अजय राय खुद को पूरी तरह से शाकाहारी बताते हैं। उनका दावा है कि मछली खाने को लेकर उनके बारे में भ्रामक बात कही गई और इसी आधार पर उन्होंने मुख्यमंत्री की टिप्पणी पर कड़ी आपत्ति दर्ज कराई है।
प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचने का दावा
अजय राय ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि एक शाकाहारी व्यक्ति होने के बावजूद सार्वजनिक रूप से मछली खाने की बात कहने से उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा पर सीधा असर पड़ा है। इसी कारण उन्होंने लखनऊ सिविल कोर्ट का दरवाजा खटखटाते हुए आपराधिक मानहानि का मामला दायर किया है। अदालत की कानूनी प्रक्रिया के तहत अब यह तय होगा कि इस परिवाद पर आगे किस तरह की कार्रवाई की जाएगी।
बीजेपी से कांग्रेस तक अजय राय का सियासी सफर
कांग्रेस के मौजूदा प्रदेश अध्यक्ष अजय राय का राजनीतिक सफर भारतीय जनता पार्टी से ही शुरू हुआ था। 1996 में उन्होंने वाराणसी की कोलअसला विधानसभा सीट से भाजपा के उम्मीदवार के तौर पर जीत दर्ज की थी। इसके बाद वह 2002 और 2007 में भी विधायक चुने गए और तत्कालीन यूपी सरकार में मंत्री पद भी संभाला।
लोकसभा टिकट के मुद्दे पर 2009 में भाजपा से अलग होने के बाद उन्होंने समाजवादी पार्टी का रुख किया और वाराणसी से चुनाव लड़ा, जिसमें उन्हें कामयाबी नहीं मिली। बाद में निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर विधानसभा उपचुनाव जीतकर वह 2012 में कांग्रेस में शामिल हो गए और पिंडरा सीट से विधायक बने। अजय राय ने 2014, 2019 और हाल ही में 2024 का लोकसभा चुनाव वाराणसी सीट से सीधे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ लड़ा है। अगस्त 2023 में उन्हें उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी की कमान सौंपी गई थी।
