September 15, 2026

अखिलेश यादव का पत्नी डिंपल के CM फेस और PDA पर बड़ा बयान

akhilesh-yadav-1751879685

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में साल 2027 के विधानसभा चुनाव को देखते हुए समाजवादी पार्टी (सपा) ने महिलाओं और बेटियों को साधने के लिए बड़ा सियासी दांव चला है। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आगामी रणनीति और योजनाओं का खाका पेश करते हुए ‘स्त्री सम्मान समृद्धि योजना’ लाने की घोषणा की है। इसके तहत महिलाओं को सालाना 40 हजार रुपये की आर्थिक मदद देने का वादा किया गया है। प्रेस वार्ता के दौरान अखिलेश ने डिंपल यादव को मुख्यमंत्री का चेहरा बनाए जाने के सवाल पर भी प्रतिक्रिया दी और PDA के नए मायने समझाते हुए विरोधियों पर तंज कसा।

‘स्त्री सम्मान समृद्धि योजना’ और छात्राओं को लैपटॉप

सपा मुखिया ने कहा कि बिना आधी आबादी की तरक्की के प्रदेश और देश का विकास अधूरा है। पार्टी महिलाओं को सुरक्षित, स्वतंत्र और आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के संकल्प के साथ काम करेगी।

उन्होंने बताया कि समाजवादी पार्टी अपने आगामी घोषणापत्र में ‘स्त्री सम्मान समृद्धि योजना’ को शामिल करेगी। इसके तहत महिलाओं को प्रति वर्ष 40 हजार रुपये दिए जाएंगे और इस राशि में हर साल बढ़ोतरी भी की जाएगी। इसके अलावा, इंटरमीडिएट पास करने वाली छात्राओं को लैपटॉप देने और पूर्व सपा सरकार के कार्यकाल की पेंशन योजनाओं को फिर से आगे बढ़ाने का वादा किया।

डिंपल यादव के CM फेस पर सस्पेंस

जब अखिलेश यादव से पूछा गया कि क्या 2027 के चुनाव में सांसद डिंपल यादव को मुख्यमंत्री का चेहरा बनाया जाएगा, तो उन्होंने स्पष्ट जवाब देने के बजाय इस सवाल को टाल दिया। उन्होंने कहा कि वे खुद इस सवाल में उलझे हुए हैं।

अखिलेश ने एक अंग्रेजी अखबार की रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि उसमें सीएम योगी में पीएम मोदी की छवि दिखने की बात लिखी गई थी। इसी संदर्भ में उन्होंने डिंपल यादव के चेहरे को लेकर स्थिति साफ नहीं की।

कार्यालय से ‘सीक्रेट प्लान’ लीक होने का तंज

प्रेस वार्ता में अखिलेश यादव ने मजाकिया लहजे में यह भी कहा कि उनके दफ्तर से गुप्त योजनाएं योगी सरकार तक पहुंच रही हैं। उन्होंने दावा किया कि सपा के चुनावी मैनिफेस्टो की रणनीतियां पहले ही बाहर आ जाने के चलते सरकार ने हाल ही में फ्री बस सेवा जैसे कदम उठाए हैं।

बीजेपी पर हमला और महिला मुद्दों का जिक्र

महिला सुरक्षा के मुद्दे पर बीजेपी को घेरते हुए अखिलेश ने आरोप लगाया कि सत्ताधारी दल के लिए ‘नारी’ सिर्फ एक चुनावी नारा बनकर रह गया है। उन्होंने महिला आरक्षण कानून को तुरंत लागू करने की मांग की। सपा चीफ ने कहा कि जब बीजेपी के लोग नारी वंदन की बात करें, तो उन्हें हाथरस कांड और खुशी दुबे प्रकरण की याद दिलाई जानी चाहिए कि कैसे महिलाओं के साथ बर्ताव किया गया।

PDA के बताए नए मायने

सपा के PDA (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) फॉर्मूले में बदलाव के सवाल पर अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी प्रोग्रेसिव सोच वाली है और परिस्थितियों के अनुसार लोगों को जोड़ती है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि PDA में ‘P’ का मतलब ‘प्रोस्टेट’ भी है और कुछ लोगों के लिए इसका मतलब ‘पेट में दर्द’ हो गया है।