यूपी के इस जिले में मायावती का बनेगा मंदिर, बसपा सुप्रीमो को किसने भेजा लेटर? जवाब मिलते ही शुरू होगा भूमि पूजन
Mayawati Temple News: बिहार में पीएम नरेंद्र मोदी के मंदिर बनाने के प्रस्ताव के बाद अब यूपी के अलीगढ़ में मायावती का मंदिर बनाए जाने की मांग की मामला सामने आया है। अलीगढ़ में मायावती का मंदिर बनाने को लेकर तैयारियां भी शुरू हो गईं। मंदिर बनाए जाने को लेकर बसपा सुप्रीमो को एक लेटर भेजा गया। लेटर का जवाब मिलने के बाद मंदिर निर्माण का काम शुरू करा दिया जाएगा।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार भ्रष्टाचार विरोधी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष पंडित केशव देव गौतम ने 22 अगस्त को बसपा प्रमुख मायावती को एक पत्र लिखा था। इस पत्र में उन्होंने मायावती से उनका मंदिर बनाए जाने की अनुमति मांगी है। पत्र में उन्होंने कहा, अलीगढ़ में वह बसपा प्रमुख की प्रतिमा लगाना चाहते हैं। जिसके लिए वह मंदिर का निर्माण कराएंगे। उनका कहना है कि तहसील खैर के मोहल्ला खेरे में उनकी एक जमीन पड़ी है, उस जमीन पर खुद के खर्चे से मायावती का वह मंदिर बनाएंगे। मंदिर निर्माण को लेकर वह शासन-प्रशासन से कोई आर्थिक सहायका नहीं लेंगे।
मायावती की प्रतिमा से प्रेरणा लेगी आने वाली पीढ़ी
उन्होंने साफ किया कि अलीगढ़ में बनने वाला मायावती का मंदिर किसी भी राजनीतिक गतिविधि से जुड़ा नहीं होगा, यह केवल एक प्रेरणा स्थल होगा, जहां आने वाली पीढ़ी मायावती से प्रेरणा ले सकेगी। उन्होंने बताया कि मंदिर में मायावती की केवल प्रतिमा ही नहीं, बल्कि उनके विचारों को भी जगह दी जाएगी। उन्होंने बताया कि बसपा प्रमुख मायावती से मंदिर निर्माण को लेकर अनुमति मांगी गई है, जैसे ही मायावती की ओर से अनुमति मिल जाएगी तुरंत ही मंदिर निर्माण के लिए भूमि पूजन शुरू करा दिया जाएगा।
कौन हैं केशव देव गौतम, जो मायावती का बनवाएंगे मंदिर
अलीगढ़ में मायावती का मंदिर बनाए जाने को लेकर भ्रष्टाचार विरोधी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष पंडित केशव देव गौतम ने घोषणा की है। केशव देव ने 2022 के विधानसभा चुनाव में जूतों की माला पहनकर प्रचार किया था, जिससे वह चर्चा में आए थे। लोकसभा 2024 के इलेक्शन में केशव को चुनाव आयोग ने चप्पल चुनाव चिह्न आंवटित किया था, जिसके बाद उन्होंने चप्पलों की माला पहनकर भी प्रचार किया था। इसके अलावा केशव अलीगढ़ सांसद पर गंभीर आरोप लगाने के मामले में भी सुर्खियों में रह चुके हैं।
