यूपी, बिहार और दिल्ली-एनसीआर समेत 21 राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी
उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में जारी उमस भरी गर्मी के बीच मौसम का मिजाज एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने रविवार, 20 सितंबर को देश के 21 राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इस दौरान कुछ क्षेत्रों में 70 से 72 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और पूर्वी भारत में वज्रपात (आसमानी बिजली गिरने) की आशंका जताई गई है। मौसम की गंभीरता को देखते हुए किसानों को विशेष सतर्कता बरतने और पर्यटकों को पहाड़ी क्षेत्रों की यात्रा न करने की सलाह दी गई है।
जिन 21 राज्यों में भारी बारिश का अनुमान जताया गया है, उनमें उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, पश्चिम बंगाल, झारखंड, ओडिशा, गुजरात, महाराष्ट्र, असम, सिक्किम, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु और केरल शामिल हैं।
बंगाल की खाड़ी में सक्रिय हो रहा नया सिस्टम तटीय राज्यों ओडिशा और आंध्र प्रदेश में तेज हवाओं और बारिश से जनजीवन प्रभावित होने की आशंका है। इसके प्रभाव से बिहार और झारखंड के मौसम में भी तेजी से बदलाव आएगा। मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार को पूर्वी-मध्य बंगाल की खाड़ी में एक अवदाब (डिप्रेशन) बनने की संभावना है, जो मंगलवार तक पश्चिमी-मध्य बंगाल की खाड़ी में पहुंचकर गहन अवदाब (डीप डिप्रेशन) में तब्दील हो सकता है। इस मौसमी तंत्र के चलते पूर्वी और मध्य भारत के कई हिस्सों में मूसलाधार बारिश का दौर शुरू होगा।
दिल्ली-एनसीआर और यूपी-बिहार का मौसम
-
दिल्ली-एनसीआर: राजधानी में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश और गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
-
उत्तर प्रदेश: पश्चिमी यूपी के गौतमबुद्ध नगर, गाजियाबाद, मेरठ, हापुड़, मुजफ्फरनगर, अलीगढ़, बुलंदशहर, हाथरस, एटा, आगरा, मथुरा, संभल, बिजनौर, फिरोजाबाद, इटावा और मैनपुरी में बारिश के आसार हैं। पूर्वी यूपी के सीतापुर, औरैया, कानपुर, हरदोई, झांसी, प्रयागराज, गोरखपुर, देवरिया और ज्योतिबाफुले नगर में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है।
-
बिहार: पटना, गया, मधेपुरा, गोपालगंज, वैशाली, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, सुपौल, पूर्णिया, कटिहार, किशनगंज, भागलपुर, मुंगेर, लखीसराय और बेगूसराय में तेज आंधी के साथ मूसलाधार बारिश की संभावना जताई गई है।
राजस्थान, मध्य प्रदेश और झारखंड में तेज हवाओं की चेतावनी
-
राजस्थान: करौली, दौसा, कोटा, झालावाड़, टोंक, हनुमानगढ़, अजमेर, चूरू, बीकानेर, बाड़मेर, जोधपुर और झुंझुनू में तेज तूफान के साथ भारी बारिश का अलर्ट है।
-
मध्य प्रदेश: भोपाल, इंदौर, ग्वालियर-चंबल संभाग से जुड़े भिंड, छतरपुर, उमरिया, कटनी, बालाघाट, रतलाम, झाबुआ, मंडला, सीधी और सिंगरौली में गरज-चमक के साथ बारिश का पूर्वानुमान है।
-
झारखंड: देवघर, गिरिडीह, हजारीबाग, बोकारो, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, गुमला और पलामू में 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और जोरदार बारिश की चेतावनी दी गई है।
पहाड़ी राज्यों में भूस्खलन और तेज हवाओं का खतरा उत्तराखंड के चमोली, देहरादून, पिथौरागढ़, पौड़ी गढ़वाल, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और नैनीताल जनपदों में 50 से 60 किमी प्रति घंटे की गति से अंधड़ चलने और भारी बारिश होने का अलर्ट है।
हिमाचल प्रदेश के शिमला, कांगड़ा, चंबा, मंडी, सोलन और ऊना में 50 से 55 किमी प्रति घंटे की हवाओं के साथ बारिश और तूफान की आशंका है। इसके अतिरिक्त, जम्मू-कश्मीर के जम्मू, अनंतनाग, रामबन, किश्तवाड़, राजौरी, कुलगाम, बारामूला और मुजफ्फराबाद क्षेत्रों में बादलों की आवाजाही के साथ बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी रखा गया है। खराब मौसम को देखते हुए प्रशासन ने पहाड़ी ढलानों और संवेदनशील मार्गों से दूर रहने की हिदायत दी है।
