मोदी के खिलाफ जांच कांग्रेस नेताओं ने रुकवाई थी? वीरप्पा मोइली का बड़ा दावा

modi

पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता वीरप्पा मोइली ने दावा किया है कि कांग्रेस सरकार के दौरान पार्टी के ही कुछ नेताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ चल रही जांच रुकवा दी थी। बेंगलुरु में 17 नवंबर को दिए एक बयान में मोइली ने कहा कि पार्टी आज उसी फैसले की कीमत चुका रही है।

अमित शाह के मामले और गुजरात से बाहर किए जाने का जिक्र

कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री रहे मोइली ने अपने कानून मंत्री के कार्यकाल का हवाला देते हुए उस दौर की कार्रवाई की बात कही। उन्होंने कहा, “मैं कानून मंत्री था। अमित शाह को गुजरात से बाहर कर दिया गया था। उनका मामला किसी दूसरे राज्य में चलना था। जेल जाने वाले सबसे पहले व्यक्ति वही थे। इसके बाद मोदी की बारी आती और उन्हें भी राज्य से बाहर कर दिया जाता।”

मनमोहन सिंह नहीं, अन्य नेताओं पर लगाया आरोप

मोइली के मुताबिक, जांच रोकने के फैसले में तत्कालीन प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की कोई भूमिका नहीं थी। उन्होंने इसका ठीकरा पार्टी के भीतर के कुछ अन्य नेताओं पर फोड़ा।

उन्होंने कहा, “ये पार्टी के भीतर की ही कुछ दुर्भाग्यपूर्ण घटनाएं थीं। मोदी के खिलाफ जांच-पड़ताल को हमारी अपनी ही सरकार ने रुकवा दिया था। ऐसा (तत्कालीन प्रधानमंत्री) मनमोहन सिंह की वजह से नहीं हुआ था, बल्कि कुछ अन्य नेताओं की वजह से हुआ था। आज हम उसी वजह से भुगत रहे हैं।”

वीरप्पा मोइली मई 2009 से मई 2011 तक देश के कानून मंत्री रहे थे।