श्रीराम के नाम पर सियासत फिर गर्म, पुराने नारे ने महोबा में छेड़ी नई बहस

daddu prasad

उत्तर प्रदेश के महोबा जिले में पूर्व मंत्री दद्दू प्रसाद की पत्नी हीरा देवी की भगवान श्रीराम को लेकर की गई एक टिप्पणी के बाद सियासी विवाद खड़ा हो गया है। सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव की जयंती पर कबरई में आयोजित मजदूर सम्मेलन और PDA चौपाल के दौरान हीरा देवी ने ‘मिले मुलायम-कांशीराम, हवा में उड़ गए जय श्रीराम’ नारे का जिक्र किया था।

इस कार्यक्रम में सदर विधानसभा सीट से सपा के दावेदार माने जा रहे पूर्व मंत्री दद्दू प्रसाद और उनकी पत्नी हीरा देवी शामिल हुए थे। भाषण के दौरान की गई इस टिप्पणी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद BJP ने इस पर कड़ी नाराजगी जताई है।

BJP ने बताया धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाला बयान

BJP नेता नीरज रावत ने हीरा देवी के बयान पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए इसे स्तरहीन और धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाला बताया।

उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव अयोध्या जाकर भगवान श्रीराम की पूजा करने की बात करते हैं, जबकि पार्टी से जुड़ी नेता इस तरह की टिप्पणी कर रही हैं। रावत ने कहा कि महोबा की जनता इस बयान को स्वीकार नहीं करेगी।

सपा जिलाध्यक्ष ने बयान से किया किनारा

विवाद बढ़ने के बाद समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष शोभालाल यादव ने हीरा देवी की टिप्पणी से खुद को और पार्टी को अलग कर लिया है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी एक धर्मनिरपेक्ष दल है और सभी को अपने धर्म का पालन करने का अधिकार है।

शोभालाल यादव के मुताबिक, हीरा देवी ने BSP शासनकाल के एक पुराने नारे का उल्लेख किया था, लेकिन इस तरह की टिप्पणी का कोई औचित्य नहीं था। उन्होंने कहा कि पार्टी के सभी नेताओं को समाजवादी विचारधारा और सिद्धांतों के अनुरूप ही बयान देना चाहिए।