आजम खान का तंज: ‘नगीना जाकर मुस्लिमों का शुक्रिया करूंगा कि एक खंजर सीने में उतार दिया’
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले मुस्लिम मतदाताओं को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी (SP) के वरिष्ठ नेता आजम खान ने नगीना के सांसद चंद्रशेखर आजाद और एआईएमआईएम (AIMIM) प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी के गठबंधन पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। आजम खान ने कहा कि वे नगीना जाएंगे और वहां के मुस्लिम मतदाताओं का शुक्रिया अदा करेंगे।
‘एक खंजर आपने हमारे सीने में उतार दिया’: आजम खान
एक इंटरव्यू के दौरान जब आजम खान से ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद के मिलकर उत्तर प्रदेश में चुनावी तैयारी करने को लेकर सवाल पूछा गया, तो उन्होंने नगीना जाने की बात कही। आजम खान ने कहा, “मुस्लिम वोटों से ये सांसद हुए हैं और हक अदा कर दिया उन्होंने। मैं नगीना जाऊंगा, वहां के मुस्लिमों को शुक्रिया करने कि एक खंजर आपने हमारे सीने में उतार दिया।”
गौरतलब है कि चंद्रशेखर आजाद 2024 के लोकसभा चुनाव में नगीना सीट से सांसद चुने गए थे।
ओवैसी की दुआ पर उठाए सवाल, वकालतनामे का किया जिक्र
इंटरव्यू में आजम खान ने असदुद्दीन ओवैसी की ओर से उनके जल्द स्वस्थ होने की दुआ किए जाने पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि उनके खिलाफ इतने मुकदमे चले, लेकिन “बैरिस्टर साहब (ओवैसी)” ने उनके लिए एक भी वकालतनामा दाखिल नहीं किया। आजम खान के मुताबिक, यदि ओवैसी ने एक वकालतनामा भी दाखिल किया होता, तो उन्हें काफी सुकून मिलता। उन्होंने कहा कि उनके पास उस योग्यता का कोई वकील नहीं है।
‘सामाजिक परिवर्तन मोर्चा’ और पश्चिमी यूपी का सियासी समीकरण
असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी AIMIM और चंद्रशेखर आजाद की आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) ने आगामी यूपी विधानसभा चुनाव के लिए गठबंधन कर ‘सामाजिक परिवर्तन मोर्चा’ बनाया है। 12 नवंबर को लखनऊ में इस गठबंधन की घोषणा के दौरान ओवैसी ने चंद्रशेखर आजाद को मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित किया था। यह मोर्चा दलित और मुस्लिम मतदाताओं को एक साथ लाकर खुद को बीजेपी और सपा-कांग्रेस के विकल्प के रूप में पेश कर रहा है।
दूसरी ओर, ओवैसी लगातार समाजवादी पार्टी पर मुस्लिम समुदाय को केवल वोट बैंक के रूप में इस्तेमाल करने का आरोप लगाते रहे हैं। वहीं, आजम खान की रिहाई के बाद सपा को उम्मीद है कि रामपुर, मुरादाबाद, संभल, अमरोहा और बिजनौर समेत पश्चिमी उत्तर प्रदेश व रुहेलखंड के इलाकों में उनका प्रभाव पार्टी के पारंपरिक मतदाताओं को जोड़ने में सहायक होगा।
