वैशाली नाव हादसा: पीड़ित परिवारों से मिलने पहुंचे तेजस्वी यादव का हुआ विरोध, स्थानीय लोगों ने पूछे तीखे सवाल

tejasvi

बिहार के वैशाली जिले के राघोपुर में हुए दर्दनाक नाव हादसे के बाद राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। इस हादसे में भोज खाने जा रहे 13 मासूम बच्चों की मौत हो गई थी। घटना के बाद से लगातार नेताओं और मंत्रियों के पहुंचने का सिलसिला जारी है। इसी कड़ी में बुधवार (14 अक्टूबर, 2026) को राष्ट्रीय जनता दल (RJD) नेता और राघोपुर से विधायक तेजस्वी यादव भी पीड़ित परिवारों से मिलने पहुंचे, लेकिन इस दौरान उन्हें स्थानीय लोगों के भारी विरोध का सामना करना पड़ा।

नाव हादसे के 24 घंटे बाद पहुंचे तेजस्वी, हुआ विरोध

घटना के करीब 24 घंटे बाद जब तेजस्वी यादव अपने विधानसभा क्षेत्र में पीड़ित परिवारों को सांत्वना देने पहुंचे, तो कुछ लोग उनसे काफी नाराज दिखे। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में लोग उनसे तीखे सवाल पूछते नजर आए। भीड़ के बीच से आवाजें आईं कि जब आपसे नहीं हो रहा है तो इस्तीफा दीजिए, आप तो यहीं के विधायक हैं।

एक अन्य वायरल वीडियो में तेजस्वी यादव पीड़ित परिजनों से बात करते हुए दिखाई दे रहे हैं, जब इस दौरान कुछ लोग हंगामा करने लगे, तो उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार से बात करने दीजिए और राजनीति बाद में कीजिएगा।

दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग

पीड़ित परिवारों से मुलाकात की तस्वीरें अपने ‘एक्स’ हैंडल पर शेयर करते हुए तेजस्वी यादव ने लिखा कि राघोपुर दियारा में हुए मर्मघाती नाव हादसे में मृतक बच्चों के शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर राजद परिवार की ओर से गहरी शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने मांग की कि इस घटना की उच्चस्तरीय निष्पक्ष जांच कराई जाए और कोताही, लापरवाही एवं उदासीनता के दोषी सभी अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए।

प्रशासनिक स्तर पर जांच और कार्रवाई

उधर, जिला प्रशासन भी इस मामले में एक्शन मोड में है। वैशाली की जिलाधिकारी वर्षा सिंह ने बताया कि नाव हादसे की जांच के लिए एक कमेटी का गठन किया गया है। उन्होंने कहा कि सूर्यास्त के बाद नाव चलाने की अनुमति देने के मामले में स्थानीय पुलिस और अंचल अधिकारी (CO) के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही प्रभावित परिवारों को मुआवजा दिए जाने की बात भी प्रशासन की ओर से कही गई है। पीड़ित परिजनों ने सभी बच्चों का अंतिम संस्कार कर दिया है, लेकिन इस बड़ी दुर्घटना के बाद इलाके में मातम और गहरा आक्रोश बना हुआ है।