विदेशी सेनाओं के लिए बम-टैंक क्यों खरीदें? अमेरिकी सीनेटर अब्दुल अल-सैयद ने बिना शर्त सैन्य सहायता का किया कड़ा विरोध

abdul

अमेरिका की ओर से दूसरे देशों को दी जाने वाली सैन्य सहायता का मुद्दा एक बार फिर गरमा गया है। अमेरिकी सीनेटर अब्दुल अल-सैयद ने शुक्रवार (13 नवंबर 2026) को अन्य देशों को दी जाने वाली बिना शर्त सैन्य सहायता का कड़ा विरोध किया है। गाजा में इजरायल के लगातार जारी हमलों के बीच इजरायल को अमेरिका की सैन्य मदद को लेकर वहां बहस तेज हो गई है, और इसी संदर्भ में सीनेटर का यह बयान सामने आया है।

‘टैक्स का पैसा देश के स्कूल-अस्पतालों पर खर्च हो’

इजरायल को अमेरिकी मदद के सवाल पर सीनेटर अल-सैयद ने स्पष्ट किया कि टैक्सपेयर्स का पैसा विदेशी सेनाओं को फंड देने के बजाय घरेलू जरूरतों पर खर्च होना चाहिए। उन्होंने कहा, “मैं अपने टैक्स का पैसा इसलिए नहीं देता कि मिस्र, पाकिस्तान या सऊदी अरब की सरकारों को टैंक मिलें। जनता की राय काफी हद तक स्पष्ट है। हम अपने टैक्स का पैसा दूसरे देशों के लिए बम और टैंक खरीदने के लिए नहीं देते हैं।”

उन्होंने आगे कहा, “हम चाहते हैं कि हमारे टैक्स का पैसा हमारे अपने देश में अच्छे स्कूल और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए खर्च हो। अब राजनीतिक दल इसे मानें या न मानें, यह उनकी मर्जी है।”

अंतरराष्ट्रीय कानूनों का पालन हो शर्त

सीनेटर अल-सैयद ने सैन्य सहायता के लिए अंतरराष्ट्रीय कानूनों के पालन को अनिवार्य शर्त बनाने की वकालत की। उन्होंने सवाल उठाया कि अमेरिका उन देशों का समर्थन क्यों कर रहा है जो अंतरराष्ट्रीय कानूनों का खुलेआम उल्लंघन कर रहे हैं।

उन्होंने कहा, “मुझे लगता है कि किसी भी विदेशी सैन्य सहायता के मामले में अंतरराष्ट्रीय कानूनों का पालन करना एक बुनियादी शर्त होनी चाहिए। हम अपना पैसा ऐसे देश को क्यों दें जो अंतरराष्ट्रीय कानूनों को पूरी तरह से नष्ट कर रहा है और उनका मजाक उड़ा रहा है? चाहे वह नरसंहार हो, रंगभेद हो, या फिर किसी दूसरे देश पर कब्जा करने के लिए लड़ा जा रहा युद्ध हो – जिसमें हमारा कोई लेना-देना नहीं है।”

‘सिद्धांतों पर चलें, सभी के साथ एक जैसा व्यवहार हो’

अल-सैयद ने अमेरिका की विदेश नीति में दोहरे रवैये पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा, “अगर कोई और देश ऐसा बर्ताव करता, तो हम उसे अपना सहयोगी मानने के बारे में बिल्कुल अलग तरह से सोचते। मुझे लगता है कि यह हमारी जिम्मेदारी है कि हम अपने सिद्धांतों के अनुसार चलें और सभी के साथ एक जैसा व्यवहार करें।”