UP Election 2027: ‘180 में एक जोड़ दीजिए…’ अखिलेश यादव का बड़ा खुलासा, कांग्रेस ने यूपी में मांगी 181 सीटें
उत्तर प्रदेश में 2027 की शुरुआत में होने वाले विधानसभा चुनाव (UP Election 2027) को लेकर सियासी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। विपक्षी गठबंधन INDIA में सीट शेयरिंग को लेकर एक बड़ी खबर सामने आई है। समाजवादी पार्टी (SP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) ने खुलासा किया है कि उनकी सहयोगी कांग्रेस (Congress) ने यूपी की 403 विधानसभा सीटों में से 181 सीटों पर चुनाव लड़ने की इच्छा जताई है।
शनिवार को ‘एचटी लीडरशिप समिट 2026’ (HT Leadership Summit) में शिरकत करते हुए अखिलेश यादव ने कांग्रेस की सीट डिमांड पर खुलकर बात की, लेकिन अपने ही दिलचस्प अंदाज में।
सीट शेयरिंग पर अखिलेश का मजेदार जवाब
समिट के दौरान जब अखिलेश यादव से पूछा गया कि क्या कांग्रेस ने 100 सीटों की मांग की है, तो उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा, “कांग्रेस के साथ हमारे रिश्ते बहुत अच्छे हैं, लेकिन उन्होंने जितनी सीटें मांगी हैं, वह संख्या आपके अंदाजे से कहीं ज्यादा है।”
बातचीत आगे बढ़ने पर जब उनसे 200 सीटों का सवाल पूछा गया, तो सपा प्रमुख ने जवाब दिया कि यह आंकड़ा 200 से थोड़ा कम है। इसके बाद जब 180 सीटों का जिक्र आया, तो अखिलेश ने अपने चिर-परिचित अंदाज में कहा, “180 में एक जोड़ दीजिए।” उनके इस बयान ने साफ कर दिया कि कांग्रेस की नजर यूपी की 181 विधानसभा सीटों पर है।
कांग्रेस की उम्मीदें और पुराना रिकॉर्ड
अगर पिछले कुछ विधानसभा चुनावों पर नजर डालें, तो कांग्रेस का प्रदर्शन उत्तर प्रदेश में लगातार गिरता रहा है।
-
2022 विधानसभा चुनाव: कांग्रेस ने अपने दम पर चुनाव लड़ा, लेकिन उसे केवल 2 सीटों पर जीत मिली।
-
2017 विधानसभा चुनाव: सपा के साथ गठबंधन के बावजूद कांग्रेस सिर्फ 7 सीटें जीत पाई थी। वहीं 2022 में समाजवादी पार्टी ने 111 सीटें जीती थीं।
2024 लोकसभा चुनाव से कांग्रेस को मिला बूस्ट
भले ही विधानसभा में कांग्रेस का प्रदर्शन कमजोर रहा हो, लेकिन 2024 के लोकसभा चुनाव के नतीजों ने पार्टी में नई ऊर्जा भर दी है। सपा और कांग्रेस ने मिलकर चुनाव लड़ा था। इस चुनाव में सपा ने 37 और कांग्रेस ने 6 सीटों पर जीत दर्ज की थी, जबकि बीजेपी 33 सीटों पर सिमट गई थी। इसी लोकसभा प्रदर्शन के बाद कांग्रेस का मनोबल बढ़ा है और यही वजह है कि विधानसभा चुनाव के लिए वह 181 सीटों की बड़ी हिस्सेदारी मांग रही है।
सपा की भी तैयारियां तेज
दूसरी ओर, समाजवादी पार्टी ने भी 2027 के महासमर के लिए कमर कस ली है। सपा ने ऐलान किया है कि वह आगामी 26 नवंबर को ‘संविधान दिवस’ के मौके पर विधानसभा चुनाव के लिए अपना ‘जन-मन घोषणापत्र’ जारी करेगी।
अब देखना यह होगा कि आने वाले दिनों में सपा और कांग्रेस के बीच सीट शेयरिंग का फॉर्मूला क्या तय होता है और दोनों पार्टियां गठबंधन में किस तरह से तालमेल बिठाती हैं।
