October 4, 2026

‘नौकरी के बजाय गाड़ी चलाएं युवा’, डिप्टी CM के बयान पर भड़का विपक्ष

brajesh_pathak_1790570722314_UuQ

उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक का एक बयान इन दिनों सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने युवाओं को नौकरी के बजाय अपनी गाड़ी चलाकर कमाई करने की सलाह दी है। उनका कहना है कि स्वरोजगार से युवा स्वतंत्र रहेंगे और अपने परिवार व बच्चों के साथ बेहतर समय बिता सकेंगे। हालांकि, उनके इस बयान पर सियासी बवाल खड़ा हो गया है और विपक्षी दलों ने सरकार पर तीखा हमला बोला है।

‘नौकरी में बच्चों के लिए समय नहीं बचता’

डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक 23 सितंबर को राजधानी लखनऊ में ‘भारत टैक्सी कैब सेवा’ के शुभारंभ कार्यक्रम में पहुंचे थे। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद थे। मंच से स्वरोजगार को बढ़ावा देने की अपील करते हुए पाठक ने कहा कि युवाओं को नौकरी के पीछे भागने के बजाय अपनी गाड़ी चलानी चाहिए।

उन्होंने तर्क दिया कि अगर कोई दूसरे के लिए नौकरी करता है, तो उसके पास बच्चों के साथ बैठने का समय नहीं बचता। उन्होंने सुझाव दिया कि युवा कुछ घंटे काम करने के बाद दोपहर में अपने बच्चों के साथ समय बिताएं और आखिरी सवारी घर के आसपास की लें, ताकि परिवार को समय दिया जा सके।

‘पराधीन सपनेहुँ सुखु नाहीं’ का दिया हवाला

अपने संबोधन में स्वतंत्रता का जिक्र करते हुए ब्रजेश पाठक ने ‘पराधीन सपनेहुँ सुखु नाहीं’ चौपाई का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि किसी के अधीन रहने पर अपनी सुविधा के मुताबिक घर लौटना संभव नहीं होता, जबकि अपनी गाड़ी से काम करने पर कमाई की संभावना अधिक होती है।

उन्होंने मजदूरी का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां कई बार जल्दी काम करने का दबाव होता है, लेकिन अपनी गाड़ी चलाने में स्वतंत्रता है। पाठक ने प्रदेश के हुनरमंद युवाओं से ‘भारत टैक्सी’ से जुड़ने की अपील करते हुए स्पष्ट किया कि मोटर (गाड़ी) चलाना कोई खराब काम नहीं है।

सपा और कांग्रेस ने साधा तीखा निशाना

ब्रजेश पाठक के इस बयान के वायरल होते ही विपक्ष ने सरकार को रोजगार के मुद्दे पर घेरना शुरू कर दिया। समाजवादी पार्टी (सपा) के सांसद पुष्पेंद्र सरोज ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर तंज कसते हुए लिखा, “आज का युवा देश चलाएगा। अगर उन्हें रिक्शा चलाने का शौक है, तो वह उपहार में भेज सकते हैं।”

वहीं, कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सुप्रिया श्रीनेत ने भी इस बयान की कड़ी आलोचना की। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि ब्रजेश पाठक उत्तर प्रदेश सरकार में उपमुख्यमंत्री हैं और युवाओं से नौकरी तलाशने के बजाय रिक्शा चलाने की बात कह रहे हैं। श्रीनेत ने तीखा सवाल किया, “क्या उपमुख्यमंत्री अपने घर के युवाओं से भी रिक्शा चलवाएंगे?”