“बिहारी बेचारों को कुछ आता-जाता नहीं है। उन्हें जो लिखकर स्क्रिप्ट दे दी जाती है; राजेंद्र पाल गौतम
उत्तर प्रदेश कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम के कथित विवादित बयान को लेकर राजनीतिक घमासान शुरू हो गया है। इस बयान पर कड़ी नाराजगी जताते हुए बिहार बीजेपी के नेताओं ने कांग्रेस पार्टी पर तीखा हमला बोला है। बीजेपी का कहना है कि यह बयान सिर्फ एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि पूरे बिहार और राज्य के 14 करोड़ लोगों का सीधा अपमान है।
‘कांग्रेस को तुरंत मांगनी चाहिए माफी’
बिहार बीजेपी के वरिष्ठ नेताओं ने इस मुद्दे पर कांग्रेस को घेरते हुए कहा कि पार्टी को इसके लिए अविलंब सार्वजनिक माफी मांगनी चाहिए। नेताओं ने चेतावनी देते हुए कहा कि बिहार के लोगों और उनकी अस्मिता के खिलाफ की गई इस टिप्पणी का करारा जवाब उत्तर प्रदेश की जनता आगामी विधानसभा चुनाव में देगी। जनता चुनाव में कांग्रेस उम्मीदवारों की जमानत जब्त कराकर इस अपमान का बदला लेगी।
क्या था राजेंद्र पाल गौतम का बयान?
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यूपी कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने एक बयान में बिहार के लोगों को लेकर तीखी टिप्पणी की थी। उन्होंने कहा था, “बिहारी बेचारों को कुछ आता-जाता नहीं है। उन्हें जो लिखकर स्क्रिप्ट दे दी जाती है, वे वही पढ़ देते हैं। इनके बस की कुछ है नहीं, यह चढ़ावा चोर लोग हैं। इन्होंने लोगों की आस्था की हत्या की है।”
यह पूरा विवाद तब शुरू हुआ जब राजेंद्र पाल गौतम बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन द्वारा राजीव गांधी फाउंडेशन पर विदेशी फंडिंग को लेकर दिए गए बयानों का जवाब दे रहे थे। इसी प्रतिक्रिया के दौरान उन्होंने बिहार के लोगों पर यह विवादित टिप्पणी कर दी, जिसके बाद से राजनीति गरमा गई है।
बीजेपी ने अस्मिता से जोड़ा मुद्दा
बीजेपी ने इस पूरे मामले को बिहार के स्वाभिमान और सम्मान से जोड़ दिया है। पार्टी नेताओं का कहना है कि विपक्ष के नेताओं द्वारा लगातार इस तरह की भाषा का इस्तेमाल करना उनकी ओछी मानसिकता को दर्शाता है। इस बयान के सामने आने के बाद राज्य में राजनीतिक दलों के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है और कांग्रेस पार्टी चौतरफा घिरती नजर आ रही है।
