यूपी चुनाव 2027: BJP ने 6 राज्यों के संगठन मंत्रियों को यूपी में उतारा, मथुरा में चिंतन शिविर
उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने जमीनी स्तर पर तैयारियां तेज कर दी हैं। चुनाव के लिए संगठन और रणनीति को धार देने के मकसद से पार्टी ने बड़ा कदम उठाते हुए छह अलग-अलग राज्यों के संगठन महामंत्रियों की यूपी में तैनाती की है। ये सभी नेता राज्य में अस्थाई रूप से काम करेंगे और यूपी चुनाव को लेकर होने वाली पार्टी की अहम बैठकों का हिस्सा बनेंगे।
इन 6 नेताओं को मिली यूपी की जिम्मेदारी
बीजेपी ने चुनावी मोर्चे को मजबूत करने के लिए जिन छह नेताओं को यूपी बुलाया है, वे सभी अपने-अपने राज्यों में संगठन का काम देख रहे हैं। इनमें शामिल हैं:
-
कर्मवीर सिंह (संगठन मंत्री, छत्तीसगढ़)
-
चंद्रशेखर (संगठन मंत्री, मध्य प्रदेश)
-
अजय कुमार (संगठन मंत्री, राजस्थान)
-
श्री एन. मधुकर (संगठन मंत्री, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना)
-
पवन साईं (संगठन मंत्री, झारखंड)
-
सतीश धोंड (सह संगठन मंत्री, महाराष्ट्र)
6 क्षेत्रों के हिसाब से होगा बंटवारा
संगठनात्मक ढांचे के लिहाज से बीजेपी ने उत्तर प्रदेश को कुल छह क्षेत्रों में बांट रखा है। इनमें पश्चिम, ब्रज, कानपुर-बुंदेलखंड, अवध, काशी और गोरखपुर क्षेत्र आते हैं। बाहर से बुलाए गए इन छह महामंत्रियों को इन्हीं छह क्षेत्रों की अलग-अलग जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। ये नेता अपने-अपने प्रभार वाले क्षेत्रों में स्थानीय पदाधिकारियों के साथ मिलकर चुनावी मोर्चे पर काम करेंगे। हालांकि, किस नेता को कौन सा क्षेत्र दिया गया है, इसकी आधिकारिक सूची अभी जारी नहीं हुई है।
मथुरा चिंतन शिविर में बनेगी बड़ी रणनीति
16 और 17 नवंबर को मथुरा में यूपी बीजेपी का दो दिवसीय चिंतन शिविर आयोजित हो रहा है। यूपी बीजेपी अध्यक्ष पंकज चौधरी इस शिविर की अध्यक्षता करेंगे। शिविर के मुख्य एजेंडे में सरकार और संगठन के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करना शामिल है। माना जा रहा है कि इसी बैठक में इन छह संगठन मंत्रियों के क्षेत्रों का बंटवारा और उनकी भूमिका स्पष्ट की जाएगी।
इस चिंतन शिविर में चुनाव से जुड़े कई अन्य अहम मुद्दों पर भी रूपरेखा तैयार होगी। बैठक में मुख्य रूप से SIR, चुनाव प्रचार अभियान, टिकट वितरण के फॉर्मूले, फायर ब्रांड नेताओं की रैलियों, सोशल मीडिया मैनेजमेंट और विपक्ष के खिलाफ अपनाई जाने वाली रणनीतियों पर व्यापक मंथन किया जाएगा।
