September 18, 2026

TMC में नाम-निशान की जंग खत्म? ममता गुट को फुटबॉलर, बागियों को मिला लिफाफा

Untitled

TMC New Name Symbol: तृणमूल कांग्रेस के दो गुटों के बीच चल रहे नाम और चुनाव चिन्ह के विवाद में अब चुनाव आयोग ने बड़ा फैसला सुना दिया है। आयोग ने दोनों प्रतिद्वंद्वी गुटों को नए नाम और नए चुनाव चिन्ह दे दिए हैं। ममता बनर्जी के गुट को ‘ममता ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस’ नाम मिला है और उनका चुनाव निशान होगा ‘फुटबॉल खिलाड़ी’। वहीं दूसरी तरफ बागी गुट को ‘डेमोक्रेटिक तृणमूल कांग्रेस’ नाम के साथ ‘लिफाफा’ का निशान दिया गया है।

किन उम्मीदवारों को मिलेगी ममता गुट की पहचान?
चुनाव आयोग के आदेश के मुताबिक, जिन उम्मीदवारों ने ममता बनर्जी की तरफ से अधिकृत फॉर्म-बी भरकर नामांकन किया है, उन्हें आधिकारिक तौर पर ‘ममता ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस’ के उम्मीदवार के रूप में मान्यता दी जाएगी। इस लिस्ट में रबीउल आलम चौधरी, नंदीग्राम सीट से संचिता प्रधान (डे) और असम की नगांव लोकसभा सीट से अब्दुल सलाम का नाम शामिल है। इन सभी उम्मीदवारों को अब चुनाव चिन्ह के तौर पर ‘फुटबॉल खिलाड़ी’ का निशान मिलेगा, जो लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम 1951 की धारा 36 के तहत तय नियमों के दायरे में रहेगा।

बागी गुट के उम्मीदवारों को क्या मिला?
वहीं दूसरी ओर, जिन प्रत्याशियों ने अरूप रॉय की तरफ से अधिकृत फॉर्म-बी के आधार पर नामांकन दाखिल किया है, उन्हें ‘डेमोक्रेटिक तृणमूल कांग्रेस’ के उम्मीदवार के तौर पर मान्यता मिलेगी। इसी क्रम में सफिउज्जमान शेख और नंदीग्राम विधानसभा सीट से एहतेशमुल हक का नामांकन ‘लिफाफा’ चुनाव चिन्ह के साथ दर्ज किया जाएगा।

कब लागू होगी यह व्यवस्था?
आयोग ने साफ कर दिया है कि यह पूरी व्यवस्था तभी लागू होगी, जब सभी उम्मीदवार जरूरी कानूनी शर्तों को पूरा करेंगे। गौरतलब है कि यह आदेश तब आया है जब पहले ही पार्टी के मूल नाम और असली चुनाव चिन्ह को फ्रीज किया जा चुका है।

अधिकारियों को मिले सख्त निर्देश
चुनाव आयोग ने पश्चिम बंगाल की 70-रेजीनगर और 210-नंदीग्राम विधानसभा सीटों के साथ-साथ असम की 9-नगांव लोकसभा सीट के रिटर्निंग अफसरों को इस आदेश का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए हैं। आयोग के सचिव अश्वनी कुमार मोहाल की तरफ से जारी इस आदेश में यह भी कहा गया है कि नामांकन पत्रों की जांच के दौरान उनकी वैधता को लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम की धारा 36 के प्रावधानों के आधार पर ही परखा जाएगा।