सोनिया गांधी की आत्मकथा ‘Belonging: A Journey of Love’ का फर्स्ट लुक जारी

soniya

कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी ने अपनी बहुप्रतीक्षित आत्मकथा ‘बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव’ (Belonging: A Journey of Love) की पहली झलक सार्वजनिक कर दी है। सोनिया गांधी ने खुद सोशल मीडिया के जरिए अपनी इस किताब का फर्स्ट लुक साझा किया। यह किताब 10 नवंबर 2026 को रिलीज होने जा रही है। इस आत्मकथा में उनके इटली में बिताए शुरुआती जीवन से लेकर भारतीय राजनीति के शीर्ष तक पहुंचने के सफर को विस्तार से पिरोया गया है।

इंस्टाग्राम पर साझा किया भावुक संदेश

सोनिया गांधी ने इंस्टाग्राम पर अपनी किताब के बारे में जानकारी देते हुए एक भावुक नोट लिखा। उन्होंने अपने पोस्ट में कहा, “नमस्ते सभी को, आप सभी के साथ इस पल को साझा करते हुए मुझे बहुत खुशी हो रही है। पेश है ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ का फर्स्ट लुक।” अपने संदेश में उन्होंने स्पष्ट किया कि उन्हें अपनी इस किताब को आम जनता और पाठकों के साथ साझा करने का बेसब्री से इंतजार है।

इटली, राजीव गांधी से मुलाकात और भारत में अपनापन

अपनी इस किताब के मूल विषय को लेकर सोनिया गांधी ने लिखा कि यह कहानी प्यार, कर्तव्य, नुकसान और अपनापन खोजने की है। आत्मकथा में उनके इटली में बीते बचपन के दिनों की यादें शामिल की गई हैं। इसके अलावा पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी से उनकी पहली मुलाकात, प्रेम कहानी और फिर शादी के घटनाक्रम का जिक्र किया गया है।

भारतीय राजनीति में एंट्री की इनसाइड स्टोरी

विदेशी पृष्ठभूमि से आकर भारत के सबसे बड़े राजनीतिक परिवार का हिस्सा बनने और अंततः खुद भारतीय राजनीति में प्रवेश करने का उनका सफर इस किताब का एक अहम हिस्सा है। 10 नवंबर 2026 को किताब के रिलीज होने पर राजनीतिक हलकों और आम पाठकों को उनके राजनीतिक फैसलों और व्यक्तिगत संघर्षों से जुड़ी कई अनकही कहानियों को करीब से जानने का मौका मिलेगा।