रूस का यूक्रेन पर बड़ा हमला: कीव समेत 12 इलाकों में दागीं मिसाइलें, 12 की मौत; ब्लैक सी में यूक्रेन का जबरदस्त पलटवार

ucran

लंबे समय से चल रहे रूस-यूक्रेन युद्ध (Russia-Ukraine War) में बुधवार को एक बार फिर भारी तबाही देखने को मिली। रूस ने राजधानी कीव समेत यूक्रेन के 12 इलाकों को निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ बैलिस्टिक मिसाइलें और ड्रोन दागे। इन हमलों में करीब 12 लोगों की मौत हो गई और 40 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। दूसरी ओर, यूक्रेन ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए रूसी तेल रिफाइनरियों और ब्लैक सी (Black Sea) में एक तेल टैंकर पर मिसाइलों से पलटवार किया है।

कीव में तड़के 3 बजे धमाके, गैराज कॉम्प्लेक्स में लगी आग

यूक्रेनी अधिकारियों के मुताबिक, रूस ने रात के अंधेरे में राजधानी कीव पर बैलिस्टिक मिसाइलों से हमला किया, जिससे आम नागरिकों के इस्तेमाल वाली बुनियादी सुविधाओं को भारी नुकसान पहुंचा है। कीव सिटी मिलिट्री एडमिनिस्ट्रेशन ने बताया कि रात करीब 3 बजे शहर में तेज धमाकों की आवाजें सुनी गईं।

पोडिल्स्की जिले में एक रॉकेट गैर-आवासीय इमारत से टकराया, जिसके बाद वहां भीषण आग लग गई। वहीं, डार्नित्स्की इलाके में एक गैराज कॉम्प्लेक्स पर हुए रॉकेट हमले में भी आग लग गई और यहां दो लोगों की जान चली गई। प्रशासन ने आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया है, लेकिन इन इमारतों को काफी नुकसान हुआ है।

पैट्रियट एयर डिफेंस के लिए गोला-बारूद की कमी

इन हमलों से यूक्रेन के एयर डिफेंस सिस्टम की मौजूदा चुनौतियां भी सामने आई हैं। अमेरिका में बने पैट्रियट एयर डिफेंस सिस्टम (Patriot Air Defense System) के लिए गोला-बारूद खत्म होने की वजह से यूक्रेन रूसी बैलिस्टिक हथियारों को हवा में नष्ट करने में संघर्ष कर रहा है।

इसके अलावा, मॉस्को अब नए जेट-पावर्ड (Jet-powered) ड्रोन का इस्तेमाल कर रहा है, जो काफी ऊंचाई पर उड़ते हैं। इन्हें रोकना यूक्रेनी सेना के लिए मुश्किल साबित हो रहा है। यूक्रेन फिलहाल इन ड्रोन्स को मार गिराने में सक्षम नई पीढ़ी के इंटरसेप्टर विकसित करने के लिए तेजी से काम कर रहा है।

‘रूसी मिसाइलें सबसे बड़ी चुनौती’

राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की ने एक दिन पहले ही खुफिया एजेंसियों के हवाले से चेतावनी दी थी कि रूस एक बड़े हमले की तैयारी कर रहा है। बुधवार के हमलों के बाद अपनी प्रतिक्रिया देते हुए जेलेंस्की ने कहा, “रूसी बैलिस्टिक मिसाइलें हमारे लिए सबसे बड़ी चुनौती बनी हुई हैं। इस समय हमें एयर डिफेंस पैकेज की बहुत सख्त जरूरत है।”

यूक्रेन का पलटवार: रूसी तेल रिफाइनरियां और ब्लैक सी निशाने पर

रूसी हमलों के बीच यूक्रेन ने भी लंबी दूरी के ड्रोन और मिसाइलें दागकर मॉस्को को जवाब दिया है। राष्ट्रपति जेलेंस्की ने बताया कि यूक्रेनी सेना ने रूस के पर्म, समारा और अस्त्रखान क्षेत्रों में दो तेल रिफाइनरियों और एक ट्रेनिंग ग्राउंड को निशाना बनाया है।

इसके साथ ही यूक्रेन ने ब्लैक सी (काला सागर) में भी अपनी सैन्य कार्रवाई तेज कर दी है। जेलेंस्की ने सोशल मीडिया पर कुछ तस्वीरें साझा की हैं, जिनमें रूसी शहर सोची के पास समुद्र में एक तेल टैंकर जलता हुआ दिखाई दे रहा है।