बस्तर में जवानों संग पीएम मोदी की दिवाली, बोले- ‘दशकों पुरानी लड़ाई जीत चुके हैं, अब हर जिला नक्सलवाद से मुक्त’
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस साल की दीपावली छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित रहे इलाके बस्तर (Bastar) में सुरक्षाबलों के जवानों के साथ मनाई। बस्तर के जंगलों में जवानों के बीच पहुंचकर पीएम मोदी ने उनका हौसला बढ़ाया और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने जोर देकर कहा कि आज देश में नक्सलवाद का आतंक खत्म हो चुका है और हर तरफ विकास की बहार देखने को मिल रही है।
‘आप सब मेरे परिवार का हिस्सा हैं’
सुरक्षाबलों को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा, “आज पूरा देश और दुनिया के कोने-कोने में करोड़ों भारतीय प्रकाश का पावन पर्व मना रहे हैं। लोग दूर-दूर से अपने घर पहुंच रहे हैं। परिवार और परिजनों से मिलने-जुलने का यह एक बड़ा महोत्सव होता है, और मैं भी आज अपने परिवार के साथ, यानी आप सबके बीच दीवाली मनाने पहुंच गया हूं।”
उन्होंने कहा कि हिमालय की गोद में कारगिल से लेकर लेपचा तक, समंदर किनारे सर क्रीक से लेकर समंदर के बीच आईएनएस विक्रांत (INS Vikrant) तक, वीर जवानों के साथ मनाई गई हर दीवाली उनके लिए बेहद यादगार रही है। पीएम ने जवानों के त्याग और सेवाभाव के लिए 140 करोड़ देशवासियों की तरफ से उनका आभार व्यक्त किया।
‘यह पहली दिवाली है जब नक्सलवाद परास्त हो चुका है’
साल 2026 की दीवाली को बेहद खास बताते हुए पीएम मोदी ने कहा, “यह पहली दीवाली है जब देश नक्सलवाद और माओवादी आतंक के खिलाफ दशकों पुरानी लड़ाई जीत चुका है। यह पहली दीवाली है जब देश का हर जिला नक्सलवाद से मुक्त हो चुका है। करोड़ों देशवासियों ने वामपंथी उग्रवाद के भय को पूरी तरह से परास्त कर दिया है और इसका बहुत बड़ा श्रेय आप जैसे लाखों वीर सुरक्षाकर्मियों को जाता है।”
पुरानी सरकारों और ‘नामदारों’ पर साधा निशाना
प्रधानमंत्री ने कांग्रेस और पुरानी सरकारों पर हमला बोलते हुए कहा कि पहले की सरकारों को सुरक्षाबलों की फिक्र नहीं थी। उन्होंने उस दौर को याद किया जब देश के करीब 20 राज्यों के 230 से ज्यादा जिले नक्सलवाद से बुरी तरह प्रभावित थे और शाम ढलते ही जीवन ठहर सा जाता था।
2010 की घटनाओं का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने कहा, “यहीं पास दंतेवाड़ा में मुठभेड़ में हमारे 76 सुरक्षाकर्मी शहीद हुए थे और एक अन्य घटना में 44 निर्दोष नागरिकों की जान गई थी। छत्तीसगढ़ में ही 1 हजार से ज्यादा जवानों का बलिदान हुआ। यह धरती हमारे वीरों के रक्त से लाल हो गई थी, लेकिन तब महलों में रहने वाले किसी भी ‘नामदार’ की सिसकी नहीं सुनाई दी, उनकी आंखों से एक आंसू तक नहीं निकला।”
