‘ऑपरेशन सिंदूर’ के 16 महीने बाद भी ‘सर्जरी’ से गुजर रहा पाकिस्तान का सरगोधा एयरबेस
भारतीय वायुसेना के ‘ऑपरेशन सिंदूर’ (Operation Sindoor) का असर 16 महीने बाद भी पाकिस्तान में साफ नजर आ रहा है। एनडीटीवी की एक रिपोर्ट के अनुसार, हाई रिजॉल्यूशन सैटेलाइट तस्वीरों से खुलासा हुआ है कि पाकिस्तान अब तक अपने सरगोधा स्थित एयरफोर्स (PAF) बेस के रनवे की मरम्मत पूरी नहीं कर पाया है। भारत ने इसी बेस के रनवे और टैक्सी-ट्रैक के जंक्शन पर अचूक हवाई हमला किया था।
सैटेलाइट तस्वीरों में दिखा रनवे का हाल
12 सितंबर 2026 की एक वैंटोर (Vantour) सैटेलाइट इमेज में सरगोधा एयरबेस के जंक्शन की बाईं तरफ एक गहरा और बेढंगा गड्ढा (क्रेटर) नजर आ रहा है। तस्वीर में इस हिस्से का रंग और बनावट आसपास की डामर वाली सड़क से बिल्कुल अलग है, जो हाल ही में हुए निर्माण कार्य की पुष्टि करता है। गड्ढे के पास एक लाल रंग की गाड़ी भी देखी जा सकती है। रनवे का एक हिस्सा ज्यादा गहरा और चिकना दिख रहा है, जबकि दूसरा हिस्सा अभी भी साफ और पूरी तरह तैयार नहीं है।
पहली मरम्मत हुई फेल, दोबारा खोदा गया क्रेटर
तस्वीरों के विश्लेषण से पता चलता है कि रनवे के उत्तरी हिस्से में मिसाइल हमले से बने पुराने क्रेटर को मरम्मत के लिए फिर से खोला गया है। पहले किए गए पैच वर्क को सबग्रेड लेवल (निचली सतह) तक खोदा गया है, जो पूरी गहराई तक रनवे को दोबारा बनाने की तैयारी का संकेत है। इससे यह स्पष्ट होता है कि शुरुआती मरम्मत में सतह का ऊपर उठना, धंसना, ऊबड़-खाबड़ होना या अंदरूनी ढांचे की कमजोरी जैसी दिक्कतें सामने आई थीं, जिसकी वजह से जर्जर हिस्से को हटाकर नए सिरे से काम किया जा रहा है।
‘दुश्मन का घाव अभी भी नहीं भरा’
ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारतीय वायुसेना के वायु ऑपरेशन डायरेक्टर जनरल रहे एयर मार्शल (रिटायर्ड) एके भारती ने इस सटीक हमले को लेकर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा, “इस रनवे सेंटरलाइन पर 300 किलोमीटर से ज्यादा दूर से हमला किया गया था, फिर भी भारतीय वायुसेना ने सटीकता से उसे निशाना बनाया।” उन्होंने आगे कहा कि दुश्मन का घाव अभी भी ठीक नहीं हुआ है और सरगोधा रनवे 16 महीने बाद भी ‘सर्जरी’ के अधीन है।
कहां स्थित है मुशफ एयरबेस?
पाकिस्तान का यह अहम सरगोधा PAF बेस ‘मुशफ’ रणनीतिक रूप से काफी महत्वपूर्ण लोकेशन पर है। यह लाहौर से करीब 172 किलोमीटर उत्तर-पश्चिम में स्थित है। वहीं, भारतीय सीमा से इसकी दूरी देखें तो यह अमृतसर के पास भारत-पाकिस्तान बॉर्डर से लगभग 200 किलोमीटर पश्चिम में मौजूद है।
