नंदीग्राम उपचुनाव से पहले कांग्रेस प्रत्याशी मिलन प्रधान गिरफ्तार, ममता-राहुल का BJP पर हमला
पश्चिम बंगाल की हाई-प्रोफाइल नंदीग्राम विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव से ठीक पहले बड़ा सियासी बवाल खड़ा हो गया है। तृणमूल कांग्रेस (TMC) की प्रमुख ममता बनर्जी (Mamata Banerjee) द्वारा कांग्रेस प्रत्याशी मिलन प्रधान को अपना समर्थन देने के कुछ ही घंटों बाद, पुलिस ने मिलन प्रधान को गिरफ्तार कर लिया है। उनकी इस अचानक गिरफ्तारी ने बंगाल की राजनीति में तूफान ला दिया है और विपक्ष ने सीधे तौर पर भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर निशाना साधा है।
क्यों हुई कांग्रेस प्रत्याशी की गिरफ्तारी?
पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, बंगाल कांग्रेस अध्यक्ष सुभंकर सरकार ने बताया कि मिलन प्रधान को हत्या के एक पुराने मामले में हिरासत में लिया गया है।
-
सुभंकर सरकार ने कहा, “मिलन नंदीग्राम भूमि आंदोलन के अग्रणी नेताओं में से एक रहे हैं और उनके खिलाफ कई पुराने मामले दर्ज हैं। लेकिन सबसे बड़ा सवाल यह है कि उन्हें आज ही (ममता के समर्थन के तुरंत बाद) क्यों गिरफ्तार किया गया?”
-
ऋतब्रत बनर्जी का दावा: वहीं, डेमोक्रेटिक तृणमूल कांग्रेस गुट के नेता ऋतब्रत बनर्जी ने कहा है कि उन्होंने ही मिलन प्रधान के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। उनके मुताबिक, मिलन पर हत्या के तीन मामले लंबित हैं और चुनाव के दौरान वारंट पर अमल करना कानूनी रूप से अनिवार्य है।
राहुल गांधी का BJP पर तीखा प्रहार: ‘यह लोकतंत्र की हत्या है’
मिलन प्रधान की गिरफ्तारी के तुरंत बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने ‘X’ (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट कर इसे ‘लोकतंत्र की हत्या’ करार दिया।
उन्होंने लिखा, “नंदीग्राम उपचुनाव के लिए कांग्रेस उम्मीदवार मिलन प्रधान की गिरफ्तारी कोई संयोग नहीं, बल्कि राजनीतिक प्रतिशोध है। यह लोकतंत्र की हत्या है। BJP का निष्पक्ष चुनाव में कोई भरोसा नहीं है, इसलिए वे कभी वोट चोरी, कभी सरकार चोरी और कभी पार्टी चोरी से सत्ता बचाना चाहते हैं। वे चुनाव लड़ना नहीं चाहते, बल्कि चुनावी मुकाबला ही खत्म कर देना चाहते हैं।”
ममता बनर्जी ने उठाई गिरफ्तारी की ‘टाइमिंग’ पर उंगली
ममता बनर्जी, जिन्होंने हाल ही में अपनी प्रत्याशी संचिता प्रधान डे के नामांकन वापस लेने के बाद कांग्रेस को समर्थन देने का ऐलान किया था, ने भी इस गिरफ्तारी की ‘टाइमिंग’ पर गंभीर सवाल उठाए हैं।
ममता ने ‘X’ पर लिखा, “नंदीग्राम उपचुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार को समर्थन देते ही, उनके प्रत्याशी मिलन प्रधान को गिरफ्तार कर लिया गया। इसकी टाइमिंग गंभीर सवाल उठाती है। यह बीजेपी का वही पुराना तरीका है—कोई पुराना मामला निकाल लाओ। लेकिन अभी ही क्यों? ठीक हमारे समर्थन के ऐलान के तुरंत बाद।”
सियासी समीकरण में बड़ा बदलाव: ज्ञात हो कि शुक्रवार को टीएमसी के ममता खेमे की उम्मीदवार संचिता प्रधान डे ने अचानक अपना नामांकन वापस ले लिया था। नामांकन वापस लेने से ठीक पहले उन्होंने और उनके पति ने राज्य सचिवालय ‘नबान्न’ में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी से मुलाकात की थी। इसी घटनाक्रम के बाद ममता बनर्जी ने नंदीग्राम में कांग्रेस प्रत्याशी मिलन प्रधान को अपना खुला समर्थन दे दिया था।
