जावेद अख्तर ने की सोनिया गांधी की किताब ‘बिलॉन्गिंग : अ जर्नी ऑफ लव’ की तारीफ, फिल्म बनाने पर दिया ये जवाब
मशहूर गीतकार और लेखक जावेद अख्तर ने कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी के हाल ही में प्रकाशित संस्मरण ‘बिलॉन्गिंग : अ जर्नी ऑफ लव’ (Belonging: A Journey of Love) की खुलकर तारीफ की है। उन्होंने कहा कि हालांकि वह कांग्रेस पार्टी के समर्थक नहीं हैं, लेकिन सोनिया गांधी के प्रति उनके मन में बहुत सम्मान है और वह उन्हें व्यक्तिगत रूप से जानते हैं।
‘किताब की लेखन शैली बहुत सहज है’
जावेद अख्तर ने बताया कि उन्होंने सोनिया गांधी की इस किताब को पढ़ना शुरू कर दिया है और यह उन्हें काफी दिलचस्प लग रही है। किताब की तारीफ करते हुए उन्होंने कहा, “मैंने इसे पढ़ना शुरू किया है और यह बहुत अच्छी किताब है। इसकी लेखन शैली बहुत सहज है, जिससे इसे पढ़ना काफी आसान हो जाता है। मैं इसे पढ़ पा रहा हूं, लेकिन अभी मैंने इसे पूरा नहीं किया है।”
सोनिया गांधी के व्यक्तित्व के बारे में बात करते हुए जावेद अख्तर ने कहा, “मैं कांग्रेस का समर्थक नहीं हूं, लेकिन सोनिया गांधी के प्रति मेरे मन में बहुत सम्मान है। मैं उन्हें व्यक्तिगत रूप से जानता हूं और उनसे काफी प्रभावित भी हूं।”
किताब पर फिल्म बनाने के सवाल पर दिया मजेदार जवाब
जब जावेद अख्तर से पूछा गया कि क्या सोनिया गांधी के इस संस्मरण पर कोई फीचर फिल्म बनाई जानी चाहिए? इस पर उन्होंने अपने चिर-परिचित अंदाज में चुटकी लेते हुए कहा, “मैंने अभी पूरी पढ़ी ही नहीं है तो कैसे बताऊं? ये सिर्फ धार्मिक लोग ही कर सकते हैं कि बिना पढ़े किताब की इज्जत करें।” उनका यह मजाकिया जवाब सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बन गया है।
‘रामायण’ फिल्म पर भी दी प्रतिक्रिया
अपने बयानों को लेकर अक्सर चर्चा में रहने वाले जावेद अख्तर ने नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही आगामी फिल्म ‘रामायण’ को लेकर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि उन्होंने इस फिल्म के बारे में काफी अच्छी बातें सुनी हैं, हालांकि उन्होंने अभी तक यह फिल्म नहीं देखी है।
गौरतलब है कि सोनिया गांधी की इस किताब को लेकर हाल ही में राजनीतिक हलकों में भी काफी बयानबाजी हुई है। इससे पहले राहुल गांधी ने भी किताब के विमोचन के दौरान अपने माता-पिता के संस्मरण साझा किए थे, जिस पर बीजेपी नेताओं ने तीखी प्रतिक्रिया दी थी। अब जावेद अख्तर की इस तारीफ ने एक बार फिर किताब को चर्चा में ला दिया है।
