ट्रक में घुसी कार, झारखंड की मंत्री दीपिका पांडेय की बेटी समेत 4 लोगों की दर्दनाक मौत

jamshedpur

झारखंड के जमशेदपुर में गुरुवार तड़के एक भयानक सड़क हादसा हो गया। सोनारी थाना क्षेत्र के दोमुहानी मरीन ड्राइव पर एक कार सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई। इस दर्दनाक हादसे में कार सवार चारों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में गोड्डा जिले के महगामा से विधायक और झारखंड की ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी तृषा सिंह भी शामिल हैं।

गैस कटर से काटकर निकाले गए शव

पुलिस के मुताबिक, हादसा तड़के हुआ जब एक सफेद रंग की स्विफ्ट कार अनियंत्रित होकर सड़क पर पहले से खड़े ट्रक में पीछे से घुस गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के पूरी तरह परखच्चे उड़ गए।

हादसा इतना भीषण था कि शव बुरी तरह से कार के अंदर फंस गए थे। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस और रेस्क्यू टीम को कार काटकर शव बाहर निकालने के लिए गैस कटर का इस्तेमाल करना पड़ा। भारी मशक्कत के बाद चारों शवों को बाहर निकाला गया और उन्हें तुरंत एमजीएम अस्पताल (MGM Hospital) भेज दिया गया।

मृतकों में दो युवक और दो युवतियां शामिल

कार में कुल चार लोग सवार थे, जिनमें दो युवक और दो युवतियां थीं। मृतकों की पहचान तृषा सिंह, सार्थक अग्रवाल, नमन गुप्ता और वंशिका खंडेलवाल के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी तृषा सिंह जमशेदपुर के प्रतिष्ठित संस्थान XLRI की छात्रा थीं।

हादसे की खबर सुन जमशेदपुर रवाना हुईं मंत्री

हादसे की मनहूस खबर मिलते ही प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया। बेटी की मौत की सूचना मिलने के तुरंत बाद ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह रांची से जमशेदपुर के लिए रवाना हो गईं। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में ले लिया है और हादसे के विस्तृत कारणों की जांच कर रही है।