इजरायली सेना का बड़ा हमला, हिजबुल्लाह के रॉकेट लॉन्चर तबाह; गाजा में हमास के दो कमांडर ढेर
इजरायली रक्षा बलों (IDF) ने दक्षिणी लेबनान में हिजबुल्लाह के ठिकानों पर हमले तेज कर दिए हैं। अल जजीरा की रिपोर्ट के अनुसार, इजरायली सेना ने आइता अल-जबल और जवतार अल-शर्किया के अंदर और आस-पास के इलाकों में भारी गोलाबारी की है। लेबनान में इस आक्रामक कार्रवाई के साथ ही इजरायल ने गाजा में भी हमास की मिलिट्री विंग के दो प्रमुख कमांडरों को मार गिराने का दावा किया है।
विस्फोट के जवाब में हिजबुल्लाह पर एयरस्ट्राइक
IDF ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी दी कि दक्षिणी लेबनान के कई इलाकों में हिजबुल्लाह के इंफ्रास्ट्रक्चर को तबाह किया गया है। सेना के मुताबिक, यह स्ट्राइक सिक्योरिटी जोन में हुए एक विस्फोट के जवाब में की गई। हिजबुल्लाह द्वारा लगाए गए इस विस्फोटक उपकरण की चपेट में आने से IDF के एक इंजीनियरिंग वाहन को नुकसान पहुंचा था और उसमें सवार दो इजरायली सैनिक घायल हो गए थे।
सुरंग के शाफ़्ट और 32 रॉकेट वाले लॉन्चर ध्वस्त
इजरायली सेना ने उन ऑब्जर्वेशन पोस्ट (निगरानी चौकियों) और इमारतों को निशाना बनाया है, जहां से हिजबुल्लाह के आतंकी IDF सैनिकों पर हमले की योजना बनाते थे। सेना ने बताया कि सिक्योरिटी ज़ोन में आतंकियों के एक बड़े ठिकाने को भी नष्ट किया गया है, जिसमें एक सुरंग का शाफ़्ट और इस्तेमाल के लिए तैयार रॉकेट लॉन्चर मौजूद थे। इस लॉन्चर में 32 रॉकेट लोड थे, जिनका निशाना इजरायल की तरफ था। IDF के अनुसार, इन हथियारों को युद्धविराम समझौता लागू होने से पहले ही इस इलाके में छोड़ दिया गया था।
हमास कमांडर मुहम्मद सुलेमान ब्यौक और अबू ओबेद ढेर
लेबनान मोर्चे के साथ-साथ गाजा में भी इजरायली सेना का ऑपरेशन जारी है। सेना ने हमास की मिलिट्री विंग के कमांडर मुहम्मद सुलेमान ब्यौक को मार गिराने की पुष्टि की है। ब्यौक 7 अक्टूबर के हमले के दौरान इजरायल की सीमा में घुसा था। उसने इजरायली नागरिकों पर आतंकी हमलों की साजिश रची और IDF सैनिकों को नुकसान पहुंचाने के लिए पूरे गाजा में विस्फोटक उपकरण बिछाने का काम किया था।
सुरक्षा एजेंसियों की खुफिया जानकारी के आधार पर IDF ने राफाह ब्रिगेड के कमांडर नायेल अबू ओबेद को भी ढेर कर दिया है। इजरायली सेना ने बताया कि इसी हफ्ते गाजा में मारा गया ओबेद इजरायली नागरिकों और सैनिकों को अगवा करने और उन्हें सालों तक बंधक बनाकर रखने की वारदातों में सीधे तौर पर शामिल था।
