भारत के कितने राफेल सक्रिय? FlightGlobal ने बताए 32, वायुसेना सूत्रों के मुताबिक सभी 36

उड़ान भरता भारतीय वायुसेना का राफेल लड़ाकू विमान

भारतीय वायुसेना का राफेल लड़ाकू विमान। (फाइल फोटो)

World Air Forces Directory Rafale India: भारत के राफेल लड़ाकू विमानों की संख्या को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है। ब्रिटिश एविएशन मैगजीन FlightGlobal ने अपनी 2027 की डायरेक्टरी में भारतीय वायुसेना के सक्रिय राफेल विमानों की संख्या 35 से घटाकर 32 बताई है। इस पर भारतीय वायुसेना ने कड़ी आपत्ति जताई है। वायुसेना सूत्रों का कहना है कि भारत के सभी 36 राफेल विमान सक्रिय हैं और FlightGlobal का आंकड़ा गलत और भ्रामक है।

FlightGlobal ने 2027 World Air Forces Directory में क्या बताया?

FlightGlobal ने अपनी नई 2027 World Air Forces Directory में भारतीय वायुसेना के पास 32 सक्रिय राफेल विमान बताए हैं। इससे पहले मैगजीन ने 2026 संस्करण में भारत के 35 राफेल विमान सक्रिय बताए थे। यानी एक साल के अंदर डायरेक्टरी में इनकी संख्या तीन कम दिखाई गई।

वायुसेना ने दिया ये अपडेट

FlightGlobal की डायरेक्टरी में संख्या कम दिखाए जाने पर वायुसेना ने अपना अपडेट दिया है। वायुसेना सूत्रों ने इन आंकड़ों को तथ्यात्मक रूप से गलत बताया है। उनका कहना है कि भारत के सभी 36 राफेल विमान सक्रिय हैं और पूरी क्षमता के साथ काम कर रहे हैं। सूत्रों के अनुसार, जिन विमानों की संख्या FlightGlobal ने कम दिखाई है, वे भी भारतीय वायुक्षेत्र में नियमित रूप से काम कर रहे हैं। इतना ही नहीं, भारतीय राफेल अंतरराष्ट्रीय सैन्य अभ्यासों में भी हिस्सा ले रहे हैं। वायुसेना सूत्रों ने यह भी दावा किया कि FlightGlobal की डायरेक्टरी में पहले भी विमानों की संख्या से जुड़े आंकड़े गलत रहे हैं।

सितंबर 2016 में फ्रांस के साथ 36 राफेल खरीदने का हुआ था समझौता

भारत ने सितंबर 2016 में फ्रांस के साथ 36 राफेल लड़ाकू विमान खरीदने के लिए समझौता किया था। सभी विमान भारतीय वायुसेना में शामिल हो चुके हैं। इन्हें देश के दो प्रमुख एयरबेस पर तैनात किया गया है। हरियाणा के अंबाला एयरफोर्स स्टेशन पर 17 स्क्वाड्रन तैनात है, जिसे ‘गोल्डन एराउज’ के नाम से जाना जाता है। वहीं, पश्चिम बंगाल के हासीमारा एयरफोर्स स्टेशन पर 101 स्क्वाड्रन तैनात है, जिसका नाम ‘फाल्कन्स’ है।