October 4, 2026

ममता बनर्जी की रैली में जा रहे कुणाल घोष की कार पर हमला, हुगली में अंडे फेंके और शीशे तोड़े

kunal tmc

पश्चिम बंगाल की राजनीति से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के करीबी माने जाने वाले विधायक कुणाल घोष पर हुगली के उत्तरपाड़ा में कथित तौर पर हमला हुआ है। यह घटना उस समय हुई जब वे श्रीरामपुर में आयोजित ममता बनर्जी की एक अहम बैठक में शामिल होने जा रहे थे। हमले के कारण कुणाल घोष बैठक में शामिल नहीं हो सके और बीच रास्ते से ही वापस कोलकाता लौट गए हैं।

गाड़ी पर फेंके गए अंडे, तोड़े गए शीशे

प्राप्त जानकारी के अनुसार, कुणाल घोष की गाड़ी जब हुगली से गुजर रही थी, तभी अचानक उसे रास्ते में रोक लिया गया। इसके बाद उनकी गाड़ी पर अंडे फेंके गए और तोड़फोड़ कर शीशे भी तोड़ दिए गए। घटना के वक्त विधायक कुणाल घोष गाड़ी के भीतर ही मौजूद थे। हमले के दौरान स्थिति बिगड़ती देख उनके ड्राइवर ने सूझबूझ का परिचय दिया और क्षतिग्रस्त गाड़ी को वहां से निकालकर तुरंत वापस कोलकाता की ओर मोड़ लिया।

ममता बनर्जी ने की हमले की निंदा, पुलिस और BJP पर साधा निशाना

ममता बनर्जी ने अपने विधायक और कार्यकर्ताओं पर हुए इस कथित हमले की कड़ी निंदा की है। उन्होंने इस पूरी घटना के लिए सीधे तौर पर भारतीय जनता पार्टी (BJP) और पुलिस प्रशासन को जिम्मेदार ठहराया है।

ममता ने आरोप लगाते हुए कहा, “सड़कें ब्लॉक कर दी गई हैं। पुलिस हमारे लोगों को श्रीरामपुर में होने वाली मीटिंग में जाने से भी रोक रही है। पुलिस और बीजेपी हमारे लोगों को उत्तरपाड़ा और जीटी रोड पर रोक रहे हैं।” उन्होंने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सख्त ऐतराज जताते हुए यहां तक कह दिया कि, “पुलिस को नियमों का पालन करना चाहिए, क्योंकि जैसा यहां हो रहा है, वैसा तो अफ्रीकी देशों में भी नहीं होता है।”

नई पार्टी के नाम और चिह्न के बाद पहली बड़ी बैठक

इस हमले के बाद से पश्चिम बंगाल का सियासी पारा एक बार फिर गर्मा गया है। दरअसल, यह बैठक ममता बनर्जी के लिए काफी अहम थी। शाम 4 बजे हुगली में प्रस्तावित इस रैली में उन्होंने अपने गुट के सभी विधायकों, सांसदों और अन्य पार्टी पदाधिकारियों को बुलाया था।

गौरतलब है कि ममता बनर्जी को नया चुनाव चिह्न और पार्टी का नया नाम मिलने के बाद यह उनकी पहली बड़ी बैठक है। ऐसे अहम मौके से ठीक पहले पार्टी के एक प्रमुख विधायक पर हुए इस हमले ने राज्य के राजनीतिक माहौल में नई तल्खी पैदा कर दी है।