‘दूध उत्पादकों का वोट चुरा रही BJP’: गोकुल डेयरी चुनाव पर राहुल गांधी का तीखा प्रहार

rahul

महाराष्ट्र की गोकुल दूध संघ (गोकुल डेयरी) के चुनाव परिणामों के बाद अब सियासी विवाद गहरा गया है। कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने इस मामले में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) पर कड़ा प्रहार किया है। राहुल गांधी ने बीजेपी पर जनादेश के साथ छेड़छाड़ करने और चुनाव के बाद नियमों में बदलाव करके बहुमत हासिल करने की कोशिश का गंभीर आरोप लगाया है।

राहुल गांधी बोले- ‘किसान भूलता नहीं’

राहुल गांधी ने गोकुल डेयरी चुनाव को लेकर अपनी तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की। उन्होंने कहा कि गोकुल में दूध उत्पादकों ने चुनाव में बीजेपी को हरा दिया था, लेकिन अब नियमों में हेरफेर कर सत्ता हथियाने का प्रयास किया जा रहा है। राहुल गांधी ने इसे सीधे तौर पर ‘दूध उत्पादकों के वोट की चोरी’ और ‘जनादेश में मिलावट’ करार दिया।

बीजेपी पर सत्ता के लिए किसी भी हद तक जाने का आरोप लगाते हुए राहुल गांधी ने कहा, “बीजेपी इतनी हताश हो चुकी है कि हर जगह सत्ता बचाने के लिए किसी भी हद तक जा रही है। दूध उत्पादकों का वोट चुराने वाले याद रखें – किसान भूलता नहीं।”

गोकुल डेयरी चुनाव में क्या हुए थे नतीजे?

महाराष्ट्र के कोल्हापुर जिला सहकारी दुग्ध उत्पादक संघ, जिसे ‘गोकुल डेयरी’ के नाम से जाना जाता है, के चुनाव 19 अक्टूबर को हुए थे। इस चुनाव में कड़ा मुकाबला देखने को मिला था।

कांग्रेस नेता सतेज पाटिल के नेतृत्व वाले पैनल ने 25 सीटों में से 13 सीटों पर जीत दर्ज कर बहुमत हासिल किया था। वहीं, सत्तारूढ़ महायुति समर्थित पैनल को 12 सीटें मिली थीं। इस तरह कांग्रेस समर्थित पैनल ने महज एक सीट के अंतर से यह अहम चुनाव जीता था।

गौरतलब है कि गोकुल डेयरी महाराष्ट्र की प्रमुख सहकारी दुग्ध संस्थाओं में से एक है। इसका सालाना कारोबार करीब 4,000 करोड़ रुपये का है। इसी आर्थिक और राजनीतिक महत्व के कारण गोकुल डेयरी का नियंत्रण राज्य की राजनीति में विशेष मायने रखता है।