Flydubai Flight: को-पायलट के सोशल मीडिया से खुला बड़ा राज? यहूदियों को मारने की बात का दावा
दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट में भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मछार पर चाकू से हमला करने और विमान को हाईजैक करने की कोशिश के मामले में नई जानकारी सामने आई है। इजरायली अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी ओमान के नागरिक को सोशल मीडिया पर यहूदियों के खिलाफ हिंसक बातें करते हुए देखा गया था।
‘द टाइम्स ऑफ इजरायल’ से बातचीत में एक इजरायली अधिकारी ने दावा किया कि आरोपी सोशल मीडिया पर यहूदियों को मारने की बात करता था। अधिकारी के मुताबिक, फ्लाइट के दौरान उसने अमीराती क्रू मेंबर्स से उसे मारने के लिए भी कहा था। हालांकि, जांच एजेंसियां अभी हमले के पीछे की असली वजह को लेकर अंतिम निष्कर्ष पर नहीं पहुंची हैं।
पायलट पर चाकू से हमला
यह घटना बुधवार को उस समय हुई, जब फ्लाईदुबई का विमान दुबई से तेल अवीव जा रहा था। उड़ान के करीब दो घंटे बाद विमान अचानक 17 हजार फीट से ज्यादा नीचे आ गया। इसी दौरान यात्रियों और क्रू मेंबर्स ने आरोपी को काबू में कर लिया। इसके बाद विमान पर दोबारा नियंत्रण हासिल किया गया और उसे सुरक्षित तरीके से उतारा गया।
इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा कि शुरुआती जांच में आरोपी के कट्टरपंथी इस्लामी विचारधारा से प्रभावित होने के संकेत मिले हैं। उन्होंने फॉक्स न्यूज से बातचीत में यह भी कहा कि ऐसी संभावना काफी ज्यादा है कि आरोपी विमान को गिराने की कोशिश कर रहा था। हालांकि, नेतन्याहू ने यह भी साफ किया कि फिलहाल घटना के मकसद को लेकर कोई अंतिम निष्कर्ष नहीं निकाला गया है।
सोशल मीडिया अकाउंट की भी जांच
इजरायली अधिकारी के मुताबिक, आरोपी के सोशल मीडिया अकाउंट जांच का अहम हिस्सा हैं। अधिकारी ने दावा किया कि पोस्ट से उसके कट्टरपंथी विचारों के संकेत मिलते हैं। अधिकारी ने यह भी कहा कि जांच पूरी होने तक यह कहना जल्दबाजी होगी कि उसका मकसद क्या था। एक संभावना यह भी जांची जा रही है कि आरोपी आत्महत्या करना चाहता था और विमान को भी गिराने की कोशिश कर सकता था।
नेतन्याहू ने भी कहा कि आरोपी की कथित विचारधारा और उसके बैकग्राउंड से जुड़े तथ्यों को घटना के साथ जोड़कर देखा जा रहा है। लेकिन उन्होंने किसी अंतिम नतीजे पर पहुंचने से इनकार किया।
UAE में शुरू हुई जांच
घटना के बाद संयुक्त अरब अमीरात में भी जांच शुरू कर दी गई है। UAE की सरकारी समाचार एजेंसी के मुताबिक, अधिकारी यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि यह घटना किसी आतंकवादी गतिविधि या आतंकी मकसद से जुड़ी थी या नहीं।
इस मामले में आरोपी पायलट को भी UAE वापस भेज दिया गया है। सऊदी अरब के गृह मंत्रालय के अनुसार, मेडिकल टीम से अनुमति मिलने के बाद गुरुवार सुबह पायलट और को-पायलट दोनों को UAE भेजा गया। फिलहाल जांच एजेंसियां घटना के पूरे क्रम, आरोपी के व्यवहार, उसके सोशल मीडिया रिकॉर्ड और संभावित मकसद की जांच कर रही हैं। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि विमान में हुए इस हमले के पीछे असल वजह क्या थी।
