अमेरिका के फ्लोरिडा में दर्दनाक विमान हादसा, लियरजेट 60 क्रैश होने से 9 लोगों की मौत
अमेरिका के फ्लोरिडा स्थित ग्रीनएक्रस में रविवार (1 नवंबर 2026) को एक रिहायशी इलाके में ‘लियरजेट 60’ नाम का निजी विमान मिसाइल की तरह आ गिरा। इस भीषण हादसे में विमान में सवार सभी 9 लोगों की मौत हो गई। एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) की रिकॉर्डिंग और फ्लाइट डेटा से सामने आए विवरणों के मुताबिक, हादसे के आखिरी पलों में विमान के भीतर अफरा-तफरी मच गई थी और उसमें सवार लोग मदद के लिए चिल्ला रहे थे।
आखिरी पलों में क्या बोले पायलट और क्रू?
ATC की रिकॉर्डिंग के अनुसार, हादसे से ठीक पहले पायलट ने घबराहट में सूचना दी थी कि वे तेजी से नीचे जा रहे हैं। पायलट ने ‘मेडे, मेडे’ (संकट संदेश) कॉल देते हुए कहा कि वे 8,000 फीट नीचे जा रहे हैं, 10,000 फीट प्रति मिनट की रफ्तार से गिर रहे हैं और स्थिति ओवरस्पीड की है। इसके कुछ ही पलों बाद विमान की नीचे गिरने की रफ्तार बढ़कर 20,000 फीट प्रति मिनट हो गई और पायलट ने जमीन से टकराने की आशंका जताई।
इसी दौरान विमान में मौजूद एक महिला क्रू मेंबर भी चीखते हुए कहती सुनाई दी, “हे भगवान, हमारे पास समय नहीं बचा है।” इसके तुरंत बाद विमान सीधे जमीन से जा टकराया। जमीन पर गिरने से ठीक पहले ATC ने संपर्क साधने की कोशिश करते हुए कहा था, “नवंबर टू ब्रावो डेल्टा, मैं आपके साथ हूं, मुझसे बात करें।” हालांकि, अंतिम क्षणों में प्लेन में बैठे एक व्यक्ति ने यह भी बताया कि उनका विमान 60 डिग्री पर झुक चुका है और वे नियंत्रण खो रहे हैं।
कहां से उड़ा था और कहां जा रहा था विमान?
फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) के अनुसार, यह ‘लियरजेट 60’ विमान टेक्सास के ऑस्टिन-बर्गस्ट्रॉम इंटरनेशनल एयरपोर्ट से उड़ान भरकर बहामास के नॉर्थ एलेउथेरा जा रहा था। जब विमान 35,000 फीट की ऊंचाई पर पूर्व दिशा की ओर यात्रा कर रहा था, तब पायलटों ने रास्ते में टर्बुलेंस, बर्फ जमने और बारिश या बर्फबारी की स्थिति की सूचना दी थी और 2,000 फीट ऊपर जाने की अनुमति मांगी थी।
रिकॉर्ड तेजी से नीचे गिरा जेट
फ्लाइट डेटा से पता चला है कि विमान असामान्य रूप से बेहद खतरनाक गति से नीचे की ओर गोता लगा रहा था। जेट पहले लगभग 10,000 फीट प्रति मिनट की दर से नीचे आया, फिर यह दर बढ़कर 20,000 फीट प्रति मिनट हो गई और अंत में यह 30,000 फीट प्रति मिनट से भी ज्यादा हो गई। जमीन की ओर दुर्घटनाग्रस्त होने से पहले जेट दाईं ओर मुड़ भी गया था।
डाटा के मुताबिक, विमान के नीचे गिरने की अधिकतम दर 32,000 फीट प्रति मिनट से भी अधिक दर्ज की गई। विमान से आखिरी सिग्नल लगभग 8,750 फीट की ऊंचाई पर रिकॉर्ड किया गया था। फिलहाल, अमेरिकी अधिकारियों ने अभी तक यह स्पष्ट नहीं किया है कि यह दुर्घटना किन तकनीकी या अन्य कारणों से हुई है, और मामले की जांच की जा रही है।
