18 साल छोटी गर्लफ्रेंड से सगाई, ‘गीता’ पर शपथ लेने वाले FBI डायरेक्टर काश पटेल की मंगेतर एलेक्सिस विल्किन्स कौन हैं?

kash patel

 अमेरिकी फेडरल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन (FBI) के भारतीय मूल के डायरेक्टर काश पटेल ने सगाई कर ली है। पटेल ने बीते दिन एक छोटे से समारोह में अपनी गर्लफ्रेंड एलेक्सिस विल्किन्स (Alexis Wilkins) को सगाई की अंगूठी पहनाई। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक तस्वीर पोस्ट कर इसकी आधिकारिक घोषणा की, जिसमें उन्होंने फनी अंदाज में कैप्शन लिखा— “Went and got the law involved.” काश पटेल ने अपनी मंगेतर विल्किन्स की पोस्ट को री-पोस्ट कर उन्हें अपना जीवनसाथी बनाने की पुष्टि भी की है।

इस हाई-प्रोफाइल सगाई के बाद हर कोई यह जानने को उत्सुक है कि आखिर एफबीआई डायरेक्टर काश पटेल की मंगेतर एलेक्सिस विल्किन्स कौन हैं और दोनों की मुलाकात कब और कहां हुई थी?

कौन हैं एलेक्सिस विल्किन्स और कहां से की है पढ़ाई?

एक ईसाई परिवार में जन्मीं एलेक्सिस विल्किन्स अपने माता-पिता की इकलौती संतान हैं। उनका बचपन इंग्लैंड और स्विट्जरलैंड में बीता, लेकिन वह मुख्य रूप से अमेरिका के अर्कांसस में पली-बढ़ीं हैं। जुलाई 2025 में ‘द मेगिन केली शो’ में बातचीत के दौरान विल्किन्स ने बताया था कि उन्हें यूरोप में रहना पसंद है, लेकिन अर्कांसस उनकी सबसे पसंदीदा जगह है।

विल्किन्स अगस्त 2007 से ही एक कंट्री म्यूजिक सिंगर, परफॉर्मर, राइटर और पॉलिटिकल कमेंटेटर के रूप में सक्रिय हैं। वह कई टीवी शो और फिल्मों में भी नजर आ चुकी हैं।

एजुकेशन की बात करें तो विल्किन्स ने 2020 में नैशविल की बेलमोंट यूनिवर्सिटी से ग्रेजुएशन किया और फिर बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन में बैचलर डिग्री हासिल की। वह यूनिवर्सिटी में ‘एथिक्स डिबेट टीम’ की मेंबर भी रही हैं। उन्हें ‘विलियम्स-मरे राइटिंग अवॉर्ड’ और ‘इकोनॉमिक्स क्रिटिकल थिंकिंग अवॉर्ड’ से भी नवाजा जा चुका है। अप्रैल 2023 में उनका पहला एल्बम (EP Grit) रिलीज हुआ था, जिसने काफी लोकप्रियता हासिल की।

काश पटेल से 18 साल छोटी हैं विल्किन्स, कहां हुई थी पहली मुलाकात?

46 वर्षीय काश पटेल और 27 वर्षीय एलेक्सिस विल्किन्स के बीच उम्र में 18 साल का अंतर है। दोनों की पहली मुलाकात नैशविल में एक दोस्त के घर पर हुई थी। विल्किन्स को काश पटेल की ईमानदारी बहुत पसंद आई। इसी मुलाकात के बाद दोनों के बीच दोस्ती हुई और धीरे-धीरे यह रिश्ता डेटिंग में बदल गया।

करीब तीन साल (2023 से) तक एक-दूसरे को डेट करने और समझने के बाद दोनों ने शादी के बंधन में बंधने का फैसला किया है। विल्किन्स अक्सर काश पटेल के साथ राजनीतिक कार्यक्रमों में देखी जाती हैं। फरवरी 2025 में बतौर FBI डायरेक्टर काश पटेल के शपथ ग्रहण समारोह में भी वह मौजूद थीं।

राजनीति में सक्रिय हैं विल्किन्स

एलेक्सिस विल्किन्स म्यूजिक के साथ-साथ राजनीति में भी गहरी रुचि रखती हैं।

  • मई 2025 से वह ‘द अमेरिकन बॉर्डर स्टोरी’ की कंसल्टेंट हैं।

  • जून 2025 से वह नेशनल राइफल असोसिएशन (NRA) की बोर्ड मेंबर हैं।

  • वह ‘टर्निंग पॉइंट USA’ की एंबेसडर होने के साथ-साथ ‘द यूनिटी प्रोजेक्ट’ से भी जुड़ी हुई हैं।

विल्किन्स उस समय भी सुर्खियों में आई थीं, जब उन्होंने ‘अमेरिका 250’ अभियान के तहत नेशनल मॉल में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के ‘ग्रेट अमेरिकन स्टेट फेयर’ में परफॉर्मेंस दी थी। यह ऐसे समय में हुआ था जब कई कलाकारों ने इस गैर-राजनीतिक कार्यक्रम में परफॉर्म करने से इनकार कर दिया था।

काश पटेल का भारत से क्या कनेक्शन है?

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के करीबी माने जाने वाले FBI डायरेक्टर काश पटेल का भारत से गहरा नाता है। उनका जन्म न्यूयॉर्क में हुआ, लेकिन उनके पिता मूल रूप से गुजरात के आणंद (Anand) जिले से ताल्लुक रखते हैं।

काश पटेल ने यूनिवर्सिटी ऑफ रिचमंड से ग्रेजुएशन करने के बाद न्यूयॉर्क की पेस यूनिवर्सिटी स्कूल ऑफ लॉ से ज्यूरिस डॉक्टर की डिग्री हासिल की है। उन्होंने FBI डायरेक्टर के रूप में भगवद गीता (Bhagavad Gita) पर हाथ रखकर शपथ ली थी।