यूपी के पूर्व डिप्टी सीएम दिनेश शर्मा बने अंडमान-निकोबार के उपराज्यपाल
भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने उत्तर प्रदेश के पूर्व उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा को एक नई और अहम जिम्मेदारी सौंपी है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शनिवार (5 सितंबर) रात एक अधिसूचना जारी कर उन्हें अंडमान और निकोबार द्वीप समूह का नया उपराज्यपाल (Lieutenant Governor) नियुक्त किया है। सितंबर 2023 से राज्यसभा सांसद की भूमिका निभा रहे शर्मा के लिए यह राष्ट्रीय स्तर पर एक बड़ा सियासी प्रमोशन है।
प्रोफेसर से लेकर राजनीति तक का सफर 12 जनवरी 1964 को जन्मे दिनेश शर्मा का राजनीतिक सफर बेहद दिलचस्प रहा है। राजनीति में सक्रिय होने से पहले वे लखनऊ विश्वविद्यालय के कॉमर्स डिपार्टमेंट में प्रोफेसर के पद पर तैनात थे। उन्होंने इसी विश्वविद्यालय से एमकॉम, पीएचडी और डी.पी.ए. की डिग्री हासिल की है और कॉमर्स के क्षेत्र में कई किताबें व रिसर्च पेपर लिखे हैं। उनके राजनीतिक कौशल को सबसे पहले पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने पहचाना था। आरएसएस (RSS) और अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) से अपने करियर की शुरुआत करने वाले शर्मा ने भारतीय जनता युवा मोर्चा (BJYM) के उत्तर प्रदेश अध्यक्ष के रूप में भी अपनी मजबूत पहचान बनाई।
दिनेश शर्मा का राजनीतिक ग्राफ एक नजर में:
-
2006: पहली बार लखनऊ के मेयर पद पर चुने गए।
-
2012: लखनऊ के मेयर पद पर लगातार दूसरी बार जीत हासिल की।
-
2014: लोकसभा चुनाव में पार्टी की जीत के बाद बीजेपी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाए गए।
-
2017: 19 मार्च को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली यूपी सरकार में उपमुख्यमंत्री (Deputy CM) बने और 2022 तक कई अहम विभागों की जिम्मेदारी संभाली।
-
2023: सितंबर महीने में उन्हें राज्यसभा का सदस्य बनाया गया।
-
2026: अब अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के लेफ्टिनेंट गवर्नर के तौर पर नई पारी की शुरुआत।
