अजित पवार प्लेन क्रैश मामले में गरमाई सियासत: सीएम फडणवीस ने गृहमंत्री अमित शाह से की जांच तेज करने की अपील

devendra-fadnavis-1787573388

महाराष्ट्र के दिवंगत पूर्व उपमुख्यमंत्री अजित पवार (Ajit Pawar) के विमान हादसे की जांच को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। अब राज्य के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस (Devendra Fadnavis) ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह (Amit Shah) से अपील की है कि वे अजित पवार के प्लेन क्रैश केस की जांच में तेजी लाने के निर्देश दें।

यह घटनाक्रम ऐसे समय में सामने आया है, जब राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) यानी NCP-SP के विधायक रोहित पवार ने भी केंद्रीय गृहमंत्री शाह को पत्र लिखकर इस मामले की जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) से कराने और पुणे रिंग रोड का नाम अजित पवार के नाम पर रखने की मांग की थी। गौरतलब है कि महाराष्ट्र के तत्कालीन उपमुख्यमंत्री अजित पवार का इस साल 28 जनवरी को पुणे जिले के बारामती में एक विमान दुर्घटना में निधन हो गया था।

रोहित पवार की मांग के बाद तेज हुई सुगबुगाहट

इससे पहले, एनसीपी शरद गुट के विधायक रोहित पवार ने कहा था कि महाराष्ट्र के विकास में अजित पवार का योगदान बेहद अमूल्य था। उन्होंने याद दिलाया कि अजित दादा ने एक दशक से अधिक समय तक पुणे जिले के पालक मंत्री के रूप में शानदार सेवाएं दी थीं। इसी योगदान को सम्मान देते हुए उन्होंने जांच में तेजी और रिंग रोड का नामकरण अजित पवार के नाम पर करने की मांग उठाई थी।

अजित पवार के निधन के बाद क्या एनसीपी का विलय संभव है?

इस बीच, शरद पवार गुट की सांसद सुप्रिया सुले (Supriya Sule) ने पार्टी के भविष्य और दोनों गुटों के विलय की अटकलों पर भी स्थिति स्पष्ट की है। सुप्रिया सुले ने साफ शब्दों में कहा कि एनसीपी के दोनों गुटों (अजिव गुट और शरद गुट) के बीच विलय को लेकर चल रही बातचीत, उनके चचेरे भाई अजित पवार के असामयिक निधन के बाद अब समाप्त हो चुकी है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि इस संबंध में उन्हें दूसरे गुट की ओर से अब तक कोई संदेश या प्रस्ताव नहीं मिला है। इसके साथ ही, सुप्रिया सुले ने उन अटकलों को भी पूरी तरह खारिज कर दिया, जिनमें उनकी पार्टी के भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) में शामिल होने की चर्चा चल रही थी।