लखपति बिटिया योजना दिल्ली: लाभ लेने के लिए बेटी का आधार अनिवार्य, जानें किस्तें और शर्तें
दिल्ली सरकार ने अपनी ‘लखपति बिटिया योजना’ का लाभ उठाने के लिए बच्ची का आधार नंबर अनिवार्य कर दिया है। उपराज्यपाल की मंजूरी के बाद इस संबंध में आधिकारिक अधिसूचना भी जारी कर दी गई है। इस नियम के लागू होने के बाद अब योजना के तहत मिलने वाली आर्थिक सहायता पाने के लिए आवेदन के समय बेटी का आधार विवरण देना जरूरी होगा, जिससे लाभार्थी की पहचान सुनिश्चित की जा सके।
यह योजना दिल्ली में रहने वाले परिवारों को बेटी के जन्म से लेकर उसकी स्कूली और कॉलेज की पढ़ाई तक आर्थिक मदद मुहैया कराती है।
एक साथ नहीं, अलग-अलग पड़ाव पर मिलती है राशि
योजना के तहत पूरी रकम एकमुश्त नहीं दी जाती, बल्कि बच्ची की शिक्षा और उम्र के विभिन्न चरणों में किस्तों के रूप में जारी की जाती है:
-
जन्म पर: बच्ची के जन्म के एक साल के भीतर 11,000 रुपये।
-
स्कूली शिक्षा: पहली, छठी, नौवीं और बारहवीं कक्षा में प्रवेश लेने पर 5,000-5,000 रुपये। इसके अलावा 10वीं के बाद 11वीं कक्षा या ITI/पॉलिटेक्निक में प्रवेश पर भी 5,000 रुपये की मदद मिलती है।
-
व्यावसायिक डिप्लोमा: 1 साल के कोर्स पर एक साथ 10,000 रुपये। 2 साल के डिप्लोमा में हर साल 10,000 रुपये (कुल 20,000 रुपये) और 3 साल के डिप्लोमा में पहले दो साल 5,000-5,000 रुपये व तीसरे साल 10,000 रुपये (कुल 20,000 रुपये) दिए जाते हैं।
-
ग्रेजुएशन कोर्स: 3 साल की डिग्री के लिए पहले दो साल 5,000-5,000 रुपये और तीसरे साल 10,000 रुपये (कुल 20,000 रुपये) मिलते हैं। वहीं, 4 साल के ग्रेजुएशन कोर्स में पहले तीन साल 5,000-5,000 रुपये और चौथे साल 10,000 रुपये (कुल 25,000 रुपये) की सहायता तय है।
योजना का लाभ लेने के लिए जरूरी शर्तें
लखपति बिटिया योजना के अंतर्गत आवेदन करने के लिए परिवार को निम्नलिखित मानदंड पूरे करने होंगे:
-
बच्ची का जन्म दिल्ली में हुआ हो और परिवार कम से कम पिछले 3 साल से दिल्ली का निवासी हो।
-
परिवार की वार्षिक आय 1.20 लाख रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए।
-
एक परिवार की अधिकतम दो बेटियों को ही इस योजना का लाभ मिल सकता है।
-
बच्ची का समय पर टीकाकरण हुआ हो और वह किसी मान्यता प्राप्त स्कूल में पढ़ रही हो।
-
बेटी का विवाह 18 वर्ष की आयु से पहले नहीं होना चाहिए।
आवेदन की समय-सीमा और प्रक्रिया
लाभ लेने के लिए बेटी के जन्म के एक साल के अंदर या फिर पढ़ाई के निर्धारित पड़ाव पर दाखिला लेने के 90 दिनों के भीतर आवेदन करना अनिवार्य है। अभिभावक इस योजना के लिए ऑनलाइन माध्यम से या नजदीकी जन सेवा केंद्र पर जाकर आवेदन प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।
