बिहार कैबिनेट के 34 बड़े फैसले: तीन जिलों में नए औद्योगिक क्षेत्रों के लिए 706.51 करोड़ मंजूर, 11 डॉक्टर बर्खास्त

samrat

बिहार में औद्योगिक विकास और निवेश को गति देने के लिए राज्य सरकार ने तीन जिलों—नालंदा, समस्तीपुर और शेखपुरा में नए औद्योगिक क्षेत्र विकसित करने का निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में बुधवार (25 नवंबर) को हुई कैबिनेट बैठक में इसके लिए कुल 1294.37 एकड़ भूमि अधिग्रहण और 706.51 करोड़ रुपये के खर्च को मंजूरी दी गई। इस बैठक में कुल 34 एजेंडों पर मुहर लगी।

किस जिले में कितनी जमीन और बजट?

कैबिनेट की मंजूरी के मुताबिक, तीनों जिलों में भूमि अधिग्रहण का विवरण इस प्रकार तय किया गया है:

  • नालंदा: इस्लामपुर अंचल के ब्रहगांव में 564.37 एकड़ जमीन ली जाएगी। इसके लिए 382 करोड़ 23 लाख रुपये से अधिक की राशि स्वीकृत हुई है।

  • समस्तीपुर: खानपुर अंचल में कुल 480 एकड़ जमीन का अधिग्रहण होगा, जिसमें सिवैसिंगपुर (144 एकड़), नत्थुद्वार (318 एकड़) और विशनपुर आभी (18 एकड़) शामिल हैं। इस पर करीब 261.91 करोड़ रुपये खर्च होंगे।

  • शेखपुरा: चेवाड़ा अंचल में 250 एकड़ जमीन अधिग्रहित की जाएगी। इसमें हंसापुर में 71 एकड़, अस्थावां में 135 एकड़ और बेंगुचा में 44 एकड़ जमीन शामिल है। इसके लिए 62.37 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं।

11 डॉक्टरों की बर्खास्तगी और स्वास्थ्य क्षेत्र में नई नियुक्तियां

स्वास्थ्य विभाग से जुड़े प्रस्तावों पर फैसला लेते हुए कैबिनेट ने पांच साल या उससे अधिक समय से बिना सूचना के ड्यूटी से अनुपस्थित रहने वाले 11 डॉक्टरों को सेवा से बर्खास्त कर दिया। ये डॉक्टर सहरसा, भागलपुर, सुपौल, बांका और मधेपुरा जिलों में तैनात थे।

इसके अलावा, पटना स्थित IGIMS में स्टेट कैंसर सेंटर के लिए चार और क्रिटिकल केयर यूनिट के लिए 64 शैक्षणिक व गैर-शैक्षणिक पदों के सृजन को स्वीकृति दी गई है।

पेयजल और शहरी बुनियादी ढांचे पर बड़ा निवेश

कैबिनेट ने पेयजल आपूर्ति की दो बड़ी योजनाओं को हरी झंडी दी है:

  • सोन नदी पेयजल योजना: औरंगाबाद, डेहरी और सासाराम क्षेत्र में सोन नदी के सतही जल से पेयजल उपलब्ध कराने के लिए 1347.32 करोड़ रुपये मंजूर हुए हैं। मार्च 2027 तक पूरा होने वाले इस प्रोजेक्ट से वर्तमान में करीब आठ लाख और वर्ष 2051 तक 12 लाख लोगों को लाभ मिलने का अनुमान है।

  • पटना जलापूर्ति योजना: अमृत-2.0 के तहत 1794.32 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इससे पटना के 75 वार्डों के 2 लाख 18 हजार 585 घरों तक पानी पहुंचाया जाएगा। योजना के अंतर्गत दानापुर और दीदारगंज समेत कई स्थानों पर जल मीनार व अन्य संरचनाएं तैयार होंगी।

ग्राम कचहरी का बजट बढ़ा, पहली बार ई-कैबिनेट का इस्तेमाल

सरकार ने ग्राम कचहरियों का वार्षिक प्रशासनिक खर्च 4 हजार रुपये से बढ़ाकर 24 हजार रुपये कर दिया है, जो 1 अप्रैल 2027 से प्रभावी होगा। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए अब राज्य के सभी जिलों में ऑनलाइन और ऑफलाइन माध्यम से प्राक परीक्षा प्रशिक्षण केंद्र संचालित किए जाएंगे।

बैठक में मुख्यमंत्री को आर्थिक मामलों पर सुझाव देने के लिए अध्यक्ष समेत पांच सदस्यीय ‘बिहार आर्थिक सलाहकार परिषद’ के गठन को भी मंजूरी मिली। साथ ही राज्य खेल संघों के लिए अनुदान मार्गदर्शिका-2026, खनन नियमावली के तीसरे संशोधन और पटना के लोदीपुर में एसटीएफ मुख्यालय निर्माण की प्रशासनिक स्वीकृति की अवधि एक साल बढ़ाने का फैसला लिया गया।

इस बैठक में पहली बार ई-कैबिनेट प्रणाली लागू की गई। सभी मंत्रियों को टैबलेट उपलब्ध कराए गए हैं, जिनके माध्यम से दस्तावेज साझा करने और मंजूरी की प्रक्रिया पूरी की गई। सरकार की योजना इसे पूरी तरह पेपरलेस बनाने की है।