September 15, 2026

चीन के ग्यिरोंग में भी जलप्रलय, 16 की मौत; 49 भारतीय समेत सैकड़ों लापता

nepal

बीजिंग: नेपाल में आई विनाशकारी बाढ़ के बीच चीन-नेपाल सीमा पर भी एक बड़ी प्राकृतिक आपदा ने भारी तबाही मचाई है। सीमा पर स्थित ग्यिरोंग पोर्ट के पास हुए भीषण लैंडस्लाइड (भूस्खलन) में अब तक 16 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 545 लोग लापता बताए जा रहे हैं। दक्षिण-पश्चिम चीन के शिजांग स्टेट (तिब्बत) प्रशासन ने शनिवार शाम 6 बजे तक 16 शव बरामद होने की आधिकारिक पुष्टि की है। लापता लोगों में 49 भारतीयों समेत 23 देशों के कुल 261 विदेशी नागरिक भी शामिल हैं। पोर्ट के आसपास पानी और मलबे ने बड़े पैमाने पर नुकसान पहुंचाया है और बड़े स्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है।

मलबे में 23 देशों के नागरिक लापता

चीनी न्यूज एजेंसियों और प्रशासन द्वारा जुटाई गई जानकारी के अनुसार, इस आपदा में लापता 545 लोगों में से 261 विदेशी नागरिक हैं।

  • सूची में सबसे ज्यादा 104 नागरिक नेपाल के हैं।

  • भारत के 49 नागरिक भी इस लैंडस्लाइड के बाद से लापता हैं।

  • अन्य देशों में लातविया के 33, अमेरिका के 18, ब्रिटेन के 15, कनाडा और ऑस्ट्रेलिया के 6-6 नागरिक शामिल हैं।

  • इसके अलावा दक्षिण अफ्रीका के 4, मलेशिया, जर्मनी और रूस के 3-3, जबकि आयरलैंड और एस्टोनिया के 2-2 नागरिकों की तलाश की जा रही है। फ्रांस, नीदरलैंड और न्यूजीलैंड सहित कई अन्य देशों के लोग भी लापता हैं।

तिब्बत सरकार ने जारी किए हेल्पलाइन नंबर

आपदा की गंभीरता को देखते हुए लापता लोगों की जानकारी जुटाने के लिए 24 घंटे काम करने वाली एक विशेष हेल्पलाइन शुरू की गई है। तिब्बत सरकार ने 0086-891-6817165 और 0086-183-0802-6705 नंबर जारी किए हैं। प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि वे लापता लोगों का सुराग देकर रेस्क्यू ऑपरेशन में मदद करें या अपने परिजनों की जानकारी के लिए इन नंबरों पर संपर्क करें।

दूतावासों को दी गई जानकारी, रेस्क्यू अभियान तेज

शिजांग स्टेट सरकार ने मीडिया को प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए हालात की जानकारी दी। विदेश मामलों, सार्वजनिक सुरक्षा, संस्कृति एवं पर्यटन और आपातकालीन प्रबंधन विभागों की संयुक्त टीमें मलबा हटाने और लोगों की तलाश में जुटी हैं।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिन देशों के नागरिक लापता हैं, उनके दूतावासों और राजनयिकों को मौजूदा स्थिति से अवगत करा दिया गया है। ग्यिरोंग काउंटी के निवासियों से भी अपील की गई है कि यदि उन्हें कोई विदेशी नागरिक फंसा हुआ या भटकता हुआ नजर आए, तो वे उसे पनाह देकर उसकी सुरक्षा सुनिश्चित करें और तुरंत सरकारी एजेंसियों को इसकी सूचना दें।