“अखिलेश पिता की विरासत नहीं संभाल पाए, हार के डर से नहीं लड़ रहे चुनाव” : बस्ती में बीजेपी नेता हरीश द्विवेदी का तीखा हमला
भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राष्ट्रीय महामंत्री और पूर्व सांसद हरीश द्विवेदी ने आज बस्ती में मीडिया से बातचीत करते हुए समाजवादी पार्टी (SP) के मुखिया अखिलेश यादव पर तीखा राजनीतिक हमला बोला। उन्होंने अखिलेश यादव की नेतृत्व क्षमता और चुनावी रणनीति पर सवाल उठाते हुए दावा किया कि बीजेपी उत्तर प्रदेश में एक बार फिर प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाने जा रही है।
“पिता के नाम पर बने थे मुख्यमंत्री”
हरीश द्विवेदी ने अखिलेश यादव के राजनीतिक सफर पर निशाना साधते हुए कहा, “अखिलेश यादव जी एक बार मुख्यमंत्री बने थे और वो मुख्यमंत्री अपने कर्म या नाम पर नहीं, बल्कि अपने पिता स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव के नाम पर बने थे। मुलायम सिंह के नाम पर चुनाव हुआ था और चुनाव जीतने के बाद उन्होंने अपने बेटे को मुख्यमंत्री बना दिया।”
चुनाव न लड़ने के फैसले पर तंज
अखिलेश यादव के चुनाव न लड़ने वाले बयान पर पलटवार करते हुए द्विवेदी ने कहा, “अखिलेश यादव का यह कहना कि ‘मैं चुनाव नहीं लड़ता तभी सीएम बनता हूं’, अपनी कमियों को छिपाने का एक प्रयास है। उन्हें डर है कि अगर वे चुनाव लड़ेंगे तो हार जाएंगे, जिससे उनकी किरकिरी होगी और पूरे उत्तर प्रदेश को उनका वास्तविक जनाधार पता चल जाएगा।”
उन्होंने आगे कहा, “यह उनकी कोरी कल्पना है। कहीं न कहीं वे यह स्वीकार कर रहे हैं कि इस चुनाव में समाजवादी पार्टी मुकाबले में है ही नहीं, इसलिए वे चुनाव से भाग रहे हैं। मुझे पूरा विश्वास है कि इस बार भी बीजेपी प्रचंड बहुमत के साथ यूपी में सरकार बनाएगी।”
“धरातल पर सपा का कुछ नहीं बचा”
बीजेपी नेता ने दावा किया कि अखिलेश यादव “ओवरकॉन्फिडेंस” में नहीं, बल्कि पूरी तरह “कॉन्फिडेंस” में हैं कि उनकी सरकार नहीं आ रही है, इसलिए वे पहले ही मैदान छोड़ रहे हैं। द्विवेदी ने कहा, “समाजवादी पार्टी के शासनकाल में गरीब, किसान और मजदूर पर हुए अत्याचारों को जनता भूली नहीं है। सपा विपक्ष में है, इसलिए वह कभी नहीं कहेगी कि जनता खुश है, लेकिन जनता हकीकत जानती है।”
“विरासत नहीं संभाल पाए अखिलेश”
मुलायम सिंह यादव और अखिलेश यादव की राजनीतिक शैली की तुलना करते हुए हरीश द्विवेदी ने कहा, “अखिलेश अपने पिता की विरासत को बिल्कुल नहीं संभाल पाए और संभाल भी नहीं सकते। मुलायम सिंह जी ने जमीन से उठकर संघर्ष किया था, जबकि अखिलेश एक ‘बड़े बाप के लड़के’ के तौर पर राजनीति में आ गए और पिता ने उन्हें अवसर दे दिया। जब से अखिलेश नेतृत्व कर रहे हैं, सपा लगातार चुनाव हार रही है।”
बीजेपी की पदयात्रा और कांग्रेस पर निशाना
बीजेपी द्वारा निकाली जा रही पदयात्राओं के बारे में जानकारी देते हुए द्विवेदी ने बताया कि इनका उद्देश्य विपक्ष, विशेषकर कांग्रेस और इंडी गठबंधन द्वारा फैलाए जा रहे “झूठ” का जवाब देना है।
उन्होंने कहा, “अब तक 161 स्थानों पर पदयात्रा संपन्न हो चुकी है और हमारा लक्ष्य सभी प्रशासनिक जिलों में करीब 800 स्थानों पर इसे पूरा करने का है।”
SIR (Special Investigation Report) के मुद्दे पर उन्होंने स्पष्ट किया कि इसका उद्देश्य केवल मतदाता सूची को साफ करना है (घुसपैठियों को हटाना, दोहरे नाम काटना आदि), जो कि नेहरू और इंदिरा गांधी के समय से होता आया है। उन्होंने कांग्रेस पर ऐतिहासिक और राष्ट्रहित के फैसलों (जैसे धारा 370 हटाना, राम मंदिर निर्माण) का हमेशा विरोध करने का आरोप भी लगाया।
