अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे का बाबा रामदेव ने किया स्वागत, बोले- ‘राहुल गांधी और सहयोगी दलों को भी साथ ले जाएं’

Akhilesh-Yadav-4

समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव आगामी 12 दिसंबर को अयोध्या पहुंचकर रामलला के दर्शन करेंगे। उनके इस प्रस्तावित दौरे का योग गुरु बाबा रामदेव ने स्वागत किया है। रामदेव ने कहा है कि भगवान राम सबके हैं और हर किसी को उनके दर्शन के लिए मंदिर जाना चाहिए। साथ ही उन्होंने अखिलेश को नसीहत दी कि वे कांग्रेस नेता राहुल गांधी को भी अपने साथ रामनगरी ले जाएं।

‘राम किसी राजनीतिक दल तक सीमित नहीं’

अखिलेश यादव के फैसले पर प्रतिक्रिया देते हुए बाबा रामदेव ने कहा, “अगर अखिलेश जी मंदिर में दर्शन के लिए जाते हैं तो अच्छी बात है, क्योंकि राम तो सभी के हैं। सबको मंदिर जाना चाहिए।”

रामदेव ने आगे कहा, “मैं तो कहता हूं कि राहुल गांधी को भी अपने साथ ले जाएं और उनके जितने भी सहयोगी दल हैं, उन सभी को भी साथ जाना चाहिए। राम कोई राजनीतिक पुरुष नहीं हैं। राम राष्ट्र की अस्मिता हैं, राष्ट्र के प्राण हैं और राष्ट्र की चेतना हैं। इसलिए राम मंदिर में दर्शन के लिए पक्ष और विपक्ष, दोनों को आना चाहिए। राम निष्पक्ष हैं।”

अखिलेश यादव ने क्या कहा था?

इससे पहले अखिलेश यादव ने खुद अपने अयोध्या दौरे की जानकारी देते हुए कहा था कि भगवान सबके हैं। हर धर्म में पूजा-पाठ और आराधना के तरीके अलग-अलग होते हैं। उन्होंने सिर्फ अयोध्या ही नहीं, बल्कि केदारेश्वर और मथुरा-वृंदावन भी जाने की बात कही थी।

अखिलेश ने अपने कोर वोट बैंक पीडीए (PDA – पिछड़े, दलित, अल्पसंख्यक) का जिक्र करते हुए यह भी कहा था कि पहले दर्शन करने और फिर भगवान का आशीर्वाद लेने में आखिर क्या बुराई है?

सपा नेता पवन पांडेय ने किया था दौरे का ऐलान

गौरतलब है कि अखिलेश यादव के अयोध्या जाने की आधिकारिक घोषणा सबसे पहले समाजवादी पार्टी के नेता और पूर्व मंत्री पवन पांडेय ने की थी। उन्होंने 7 नवंबर को एक कार्यक्रम के दौरान बताया था कि अखिलेश यादव 12 दिसंबर को अपने पूरे परिवार के साथ अयोध्या पहुंचेंगे और रामलला के दर्शन-पूजन करेंगे। उनके इस ऐलान के बाद से ही यूपी की सियासत में इस दौरे को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है।