Asian Games 2026: यशवीर सिंह का सिल्वर, रोहित यादव का ब्रॉन्ज; अरशद नदीम चौथे
सोमवार को 2026 एशियाई खेलों के पुरुष जैवलिन (भाला फेंक) इवेंट में भारतीय एथलीट्स का शानदार दबदबा देखने को मिला। भारत ने इस इवेंट में दो मेडल अपने नाम किए। यशवीर सिंह ने 85.72 मीटर के बेहतरीन थ्रो के साथ सिल्वर मेडल जीता, जबकि रोहित यादव ने 84.35 मीटर का भाला फेंककर ब्रॉन्ज मेडल पर कब्जा जमाया। वहीं, श्रीलंका के रुमेश पथिरागे ने 88.55 मीटर के विशाल थ्रो के साथ इवेंट का गोल्ड मेडल अपने नाम किया।
नीरज चोपड़ा के रिप्लेसमेंट यशवीर ने मचाया गदर
चोटिल गोल्डन बॉय नीरज चोपड़ा की जगह एशियन गेम्स में शामिल किए गए यशवीर सिंह ने इस बड़े मौके को पूरी तरह से भुनाया।
-
यशवीर ने अपने छठे और आखिरी प्रयास में 85.72 मीटर दूर भाला फेंककर न सिर्फ सिल्वर मेडल पक्का किया, बल्कि अपना पर्सनल बेस्ट (Personal Best) रिकॉर्ड भी बनाया।
-
उनके प्रदर्शन की सबसे खास बात यह रही कि उनके सभी 6 प्रयास 80 मीटर से ज्यादा के रहे। उन्होंने 83.56 मीटर के थ्रो के साथ इवेंट की शानदार शुरुआत की थी।
रोहित यादव की वापसी और ब्रॉन्ज
भारत के दूसरे थ्रोअर रोहित यादव की शुरुआत थोड़ी धीमी रही थी। उनके पहले प्रयास में भाला सिर्फ 77.25 मीटर दूर ही जा सका। हालांकि, इसके बाद उन्होंने शानदार लय पकड़ी और अपने अगले चारों मान्य प्रयासों में 80 मीटर से आगे का मार्क छुआ। रोहित ने अपने तीसरे प्रयास में 84.35 मीटर का बेस्ट थ्रो किया, जो उन्हें ब्रॉन्ज मेडल दिलाने के लिए काफी था। उनका छठा प्रयास फाउल (अमान्य) रहा था।
ओलंपिक चैंपियन अरशद नदीम का निराशाजनक प्रदर्शन
इस इवेंट में सबसे बड़ा उलटफेर पाकिस्तान के स्टार और ओलंपिक गोल्ड मेडलिस्ट अरशद नदीम के रूप में देखने को मिला। नदीम का प्रदर्शन बेहद खराब रहा और वे मेडल की रेस से बाहर होकर चौथे पायदान पर खिसक गए।
-
अरशद का बेस्ट थ्रो महज 80.29 मीटर का रहा, जो उन्होंने तीसरे प्रयास में किया था।
-
उनका फॉर्म इतना खराब था कि 6 में से उनके 4 प्रयास अमान्य (Foul) करार दिए गए। सिर्फ दो ही थ्रो मान्य रहे, जिनमें से पहला 76.69 मीटर का था।
