September 21, 2026

‘लंदन डेड इकोनॉमी है, वहां जाने का क्या मतलब’: सीएम विजय के यूके दौरे पर भड़के के. अन्नामलाई

vijay

तमिलनाडु भाजपा के पूर्व अध्यक्ष के. अन्नामलाई ने मुख्यमंत्री जोसेफ विजय के हालिया ब्रिटेन (UK) दौरे पर तीखा हमला बोला है। अन्नामलाई ने कहा कि तमिलनाडु में निवेश लाने के लिए ब्रिटेन सही जगह नहीं है। उन्होंने तर्क दिया कि राज्य सरकार को विदेश भागने के बजाय भारत के भीतर से निवेश आकर्षित करने पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए, क्योंकि भारत अब 4.1 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बन चुका है, जबकि ब्रिटेन की अर्थव्यवस्था महज 3.4 ट्रिलियन डॉलर पर सिमटी है।

‘लंदन डेड इकोनॉमी, सिर्फ 1 फीसदी की है ग्रोथ’

मुख्यमंत्री के नेतृत्व में गए डेलिगेशन पर सवाल उठाते हुए अन्नामलाई ने कहा, “आज भारत की अर्थव्यवस्था 4.1 ट्रिलियन डॉलर की है, जबकि यूके की अर्थव्यवस्था 3.4 ट्रिलियन डॉलर की है। यहां से इतने बड़े प्रतिनिधिमंडल के साथ उस देश में जाने और फिर यह पूछने का क्या मतलब है कि क्या वे इस व्यक्ति से मिले, क्या वे उस व्यक्ति से मिले, क्या उन्होंने उन्हें देखा? इन सब बातों का क्या औचित्य है?”

अन्नामलाई ने दावा किया कि ब्रिटेन में नए निवेश की गुंजाइश बेहद सीमित है। उन्होंने कहा, “मैं लंदन को बहुत अच्छे से जानता हूं। वह एक ‘डेड इकोनॉमी’ (मृत अर्थव्यवस्था) है। वहां पर कोई पैसा नहीं है और यूके की ग्रोथ महज 1 परसेंट है। अगर आप वहां जाकर उनसे तमिलनाडु में निवेश करने के लिए कहेंगे, तो वे क्या पैसा देंगे?”

‘लंदन जाने के बजाय कोयंबटूर और मदुरै जाएं सीएम’

अन्नामलाई ने सुझाव दिया कि मुख्यमंत्री को तमिलनाडु के अपने बड़े औद्योगिक केंद्रों का दौरा कर स्थानीय कारोबारियों से सीधे संवाद करना चाहिए। तंज कसते हुए उन्होंने कहा, “मुख्यमंत्री को चेन्नई से लंदन जाने के लिए एमिरेट्स की उड़ान लेने के बजाय, चेन्नई से कोयंबटूर या मदुरै के लिए इंडिगो की फ्लाइट पकड़नी चाहिए।”

उन्होंने घरेलू स्तर पर निवेश जुटाने के लिए राज्य के भीतर मदुरै, कोयंबटूर और कोविलपट्टी के साथ-साथ मुंबई, दिल्ली और बेंगलुरु जैसे बड़े भारतीय शहरों पर ध्यान लगाने की बात कही। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को मदुरै चैंबर ऑफ कॉमर्स से मिलना चाहिए और कोयंबटूर जाकर टेक्सटाइल मिलों, ऑटोमोबाइल उद्योग व फाउंड्री सेक्टर को प्रोत्साहित करना चाहिए।

स्थानीय उद्योगों को 50 प्रतिशत टैक्स छूट का दिया सुझाव

अन्नामलाई ने राज्य सरकार को सलाह दी कि तमिलनाडु में पहले से काम कर रही कंपनियों को अपना कारोबार बढ़ाने के लिए टैक्स में राहत दी जानी चाहिए। उन्होंने कहा, “सरकार को यहां मौजूद उद्योगपतियों से कहना चाहिए कि अगर वे अपनी प्रोडक्शन यूनिट का विस्तार करते हैं, तो उन्हें 50 प्रतिशत टैक्स नहीं देना होगा और उस 50 प्रतिशत का भार सरकार उठाएगी। इससे स्थानीय स्तर पर भारी निवेश को बढ़ावा मिलेगा।”

मुख्यमंत्री जोसेफ विजय ने 10 सितंबर से ब्रिटेन की छह दिवसीय आधिकारिक यात्रा की थी। उन्होंने एक उच्चस्तरीय सरकारी प्रतिनिधिमंडल की अगुवाई की थी, जिसका उद्देश्य तमिलनाडु में निवेश आकर्षित करना और औद्योगिक व मोटरस्पोर्ट्स से जुड़े अवसरों की तलाश करना था।