‘लॉक अप 2’ फेम आकांक्षा चौधरी ने पुणे इवेंट में बदसलूकी और किडनैपिंग का लगाया आरोप

bollywood

नेटफ्लिक्स के लोकप्रिय रियलिटी शो ‘लॉक अप 2’ (Lock Upp 2) फेम और टीवी एक्ट्रेस आकांक्षा चौधरी (Akanksha Choudhary) ने पुणे में एक इवेंट के दौरान आयोजकों पर बदसलूकी, धोखाधड़ी और किडनैपिंग के गंभीर आरोप लगाए हैं। एक्ट्रेस ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट की स्टोरी पर एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें वह फूट-फूटकर रोती हुई नजर आ रही हैं और अपने साथ घटी इस खौफनाक घटना का पूरा ब्योरा दे रही हैं।

पुणे के नवरात्रि इवेंट में गई थीं आकांक्षा

आकांक्षा 17 अक्टूबर को पुणे के पेडकर ग्राउंड्स (Pedkar Grounds) में आयोजित एक नवरात्रि इवेंट में विशेष अतिथि और परफ़ॉर्मर के रूप में शामिल होने पहुंची थीं। एक्ट्रेस ने अपने वीडियो में बताया कि वह इस परफॉर्मेंस को लेकर बहुत एक्साइटेड थीं, लेकिन इवेंट शुरू होने से पहले ही उन्हें भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ा।

आकांक्षा ने वीडियो में अपने फैंस से कहा, “मेरा चेहरा देखकर आपको लग ही रहा होगा कि मैं बहुत रोई हूं। इवेंट मैनेजमेंट मुझे वेन्यू (कार्यक्रम स्थल) पर ले जाना ही नहीं चाहता था। जब मैंने देखा कि वहां मेरी ऑडियंस मेरा इंतजार कर रही है, तो मैंने उन्हें धमकी दी कि मैं पुलिस से इसकी शिकायत करूंगी।”

‘मुझे और एक लड़की को जबरन कार में बैठाया’

एक्ट्रेस ने आगे अपनी खौफनाक आपबीती सुनाते हुए कहा, “कहानी सिर्फ यहीं खत्म नहीं हुई। उन्होंने जबरदस्ती मुझे और मेरी टीम की एक और लड़की को कार में बैठाया और एक बहुत बड़े ग्राउंड में छोड़ दिया। सामने मेरी ऑडियंस थी, लेकिन मेरे और उनके बीच बस एक पतली सी बैरिकेडिंग थी। आयोजकों ने जानबूझकर मेरी कार भीड़ के ठीक सामने खड़ी कर दी, ताकि मैं बाहर न निकल सकूं।”

आकांक्षा ने बताया कि वह लगातार चिल्ला रही थीं कि वह भीड़ के कारण अंदर नहीं जा पा रही हैं और उनकी पूरी टीम भी उनके साथ नहीं है। लेकिन आयोजकों ने उनकी परेशानी को नजरअंदाज किया और उल्टे उन पर हंस रहे थे।

‘थप्पड़ मारा तब जाकर रुके… वह मुझे किडनैप कर रहे थे’

रोते हुए आकांक्षा ने बड़ा दावा किया कि यह पूरा इवेंट उन्हें एक ‘घोटाला’ (Scam) लगा और आज तो उन्हें लगभग किडनैप ही कर लिया गया था। उन्होंने बताया, “भीड़ को देखते हुए मुझे कार का दरवाजा बंद करना पड़ा। बाद में वे लोग कार को वापस ले गए और आपस में मराठी में बात करने लगे, जो हमें समझ ही नहीं आ रही थी। वे हमें एक ऐसे सुनसान रास्ते पर ले गए जो आगे जाकर बंद था। जब मैंने अपनी सुरक्षा के लिए घटना की रिकॉर्डिंग शुरू की और उन पर दबाव बनाते हुए उन्हें थप्पड़ मारा, तब जाकर वे रुके और डरे। इसके बाद वे कार को वापस ले गए।”

एक्ट्रेस ने यह भी आरोप लगाया है कि आयोजकों ने उनके साथ इस कदर बदसलूकी की और उनकी फीस का भी अब तक भुगतान नहीं किया गया है।

इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद आकांक्षा के फैंस लगातार उनके समर्थन में आ रहे हैं और पुणे पुलिस से कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। हालांकि, खबर लिखे जाने तक इवेंट के आयोजकों (Event Organizers) की ओर से इन गंभीर आरोपों पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।