1 जनवरी से बदल जाएगा हवाई टिकट का नियम, एयरलाइंस खुद तय करेंगी किराया
नए नियमों के तहत एयरलाइंस किराया तय करेंगी और टिकट पर सभी शुल्क की जानकारी देनी होगी।
Air Ticket New Rules 2027: सरकार ने हवाई किराए को लेकर नया नियम तय कर दिया है, जिसके तहत 1 जनवरी 2027 से एयरलाइंस अपना किराया खुद तय करेंगी और सामान्य हालात में सरकार इसमें दखल नहीं देगी। रिपोर्ट के अनुसार, सरकार ने इस सिलसिले में नोटिफिकेशन जारी कर दिया है।
नोटिफिकेशन के मुताबिक, किराया बढ़ाने पर अब सरकार की तरफ से कोई पाबंदी नहीं रहेगी, लेकिन किसी विशेष परिस्थिति में जनता के हित को देखते हुए सरकार हस्तक्षेप कर सकती है और एयरलाइंस को निर्देश दे सकती है। एयरलाइंस को अपनी संचालन लागत के हिसाब से किराया तय करना होगा और इसकी जानकारी डीजीसीए को देनी होगी। पारदर्शिता के लिए यह जानकारी कंपनियों को अपनी वेबसाइट पर भी डालनी होगी। उनसे किराए का ब्रेकअप साझा करने को कहा गया है, जिसमें बेस फेयर, टैक्स, फीस, कैंसिलेशन चार्ज और रिफंड की पूरी जानकारी शामिल होगी।
इसी बीच विमान ईंधन भी महंगा हुआ है। पेट्रोलियम कंपनियों के मुताबिक रविवार से दिल्ली में एटीएफ की कीमत 1.37 रुपये प्रति लीटर बढ़कर 137.12 रुपये से 138.50 रुपये प्रति लीटर हो गई है। उसी दिन 19 किलोग्राम वाले वाणिज्यिक सिलेंडर का दाम भी 10 रुपये बढ़ाया गया। एटीएफ के दाम में यह लगातार चौथे महीने बढ़ोतरी है।
इससे पहले 1 अक्टूबर को इसमें 16 रुपये प्रति लीटर की बड़ी वृद्धि हुई थी, जबकि सितंबर में 6.28 रुपये और अगस्त में पांच रुपये प्रति लीटर का इजाफा हुआ था। रिपोर्ट के अनुसार, एयरलाइन के कुल परिचालन खर्च में एटीएफ का हिस्सा करीब 40 प्रतिशत होता है, इसलिए ईंधन के लगातार महंगा होने से कंपनियों की लागत पर दबाव बढ़ेगा।
