CJP में फूट की खबरों पर फाउंडर अभिजीत दीपके ने तोड़ी चुप्पी, बोले- ‘मेरे बिना अब कोई अकेले गार्डन नहीं घूमेगा’
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के फाउंडर अभिजीत दीपके ने आशुतोष रांका और सौरव दास के साथ अपने विवाद और पार्टी में टूट की अफवाहों को सिरे से खारिज कर दिया है। ‘रेड माइक’ को दिए एक हालिया इंटरव्यू में दीपके ने सोशल मीडिया पर चल रहे कैंपेन और उनके नाराज होकर महाराष्ट्र चले जाने की खबरों पर खुलकर अपनी बात रखी।
‘कॉन्स्पिरेसी थ्योरी ऐसी लिखो जिस पर यकीन हो’
पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर यह दावा किया जा रहा था कि CJP के तीनों प्रमुख चेहरे अलग हो गए हैं। कैंपेन में कहा गया कि आशुतोष रांका और सौरव दास ने ‘मास्टरमाइंड’ अभिजीत को किनारे कर दिया है और वे नाराज होकर महाराष्ट्र लौट गए हैं। इन दावों पर सीधा जवाब देते हुए दीपके ने तंज कसा, “भाई, जो कॉन्स्पिरेसी थ्योरी लिखनी हो, कम से कम अच्छी लिखो, जिस पर यकीन किया जा सके।”
जेल से बाहर आते ही दोस्तों को लगाई फटकार
अभिजीत ने गिरफ्तारी के दौरान के घटनाक्रम का जिक्र करते हुए बताया कि जब आशुतोष और सौरव जेल से बाहर आए, तो उन्होंने दोनों को जमकर खरी-खोटी सुनाई। उन्होंने इंटरव्यू में खुलासा किया कि दोनों के गिरफ्तार होने के बाद उन्हें उनके घरवालों से बात करनी पड़ी थी। दीपके के मुताबिक, अपने घरवालों को संभालने के साथ-साथ उन्हें आशुतोष और सौरव के परिवार को भी समझाना पड़ रहा था। हालांकि, परिवार वालों का यही मानना था कि जब इस काम में उतर गए हैं, तो यह सब करना ही पड़ेगा।
तीनों साथ जाएंगे, मिलकर करेंगे तय
आगामी रणनीति को लेकर CJP फाउंडर ने साफ किया कि उन्होंने अपने साथियों के लिए एक नया नियम बना दिया है। दीपके ने बताया, “मैंने उनसे कहा है कि इसके बाद जहां भी जाएंगे, तीनों साथ जाएंगे। मेरे बिना गार्डन में कोई अकेले नहीं घूमेगा।” अब तीनों मिलकर यह तय करेंगे कि अगला गार्डन कौन जाएगा।
ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे पर अड़ी है CJP
गौरतलब है कि CJP लगातार मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रही है। इसी को लेकर पार्टी ने जंतर-मंतर पर बड़े विरोध प्रदर्शन का ऐलान किया था। हालांकि, प्रदर्शन शुरू करने से पहले ही पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया था। बाद में सभी को छोड़ दिया गया था।
